गैंगस्टर हंसराज पर कसा शिकंजा, संपत्ति कुर्क

एक करोड़ का मकान और वाहन कुर्क किए गए

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शातिर बदमाशों को सबक सिखाने के लिए सरकार निरंतर ठोस कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अब जनपद रायबरेली में गैंगस्टर हंसराज उर्फ बउआ पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसा है। गैंगस्टर बउआ की बेशकीमती संपत्ति को कुर्क कर दिया गया है। इस अपराधी के मकान के बाहर कुर्की नोटिस चस्पा कराया गया है। इस कार्रवाई के दौरान ढोल बजवा कर आस-पास के नागरिकों को कार्रवाई की जानकारी दी गई। कुख्यात अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार बेहद सख्त रूख अपना रही है। इन बदमाशों के कब्जे से सरकारी भूमि को मुक्त कराने के अलावा अवैध संपत्ति की कुर्की तक हो रही है। इसी कड़ी में अगला नंबर रायबरेली के शातिर बदमाश हंसराज उर्फ बउआ का आया है। जिला प्रशासन ने गैंगस्टर बउआ की करोड़ों की संपत्ति कुर्क की है। बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ शहर कोतवाल अतुल सिंह ने नोटिस चस्पा कर मकान को कुर्क कराया है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक कुर्क की गई प्रॉपर्टी की अनुमानित कीमत एक करोड़ से ज्यादा है। शहर कोतवाली क्षेत्र के गोरा बाजार में हंसराज के इस आलीशान मकान के अलावा 2 पहिया वाहन को भी कुर्क किया गया है। इस कार्रवाई से पहले ढोल-नगाड़े बजवा कर मुनादी कराई गई। बाद में कुर्की का नोटिस चस्पा कर घर खाली करने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार गैंगस्टर हंसराज की संपत्ति की कुर्की के आदेश जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दिए थे। हंसराज उर्फ बउवा पर कई आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। लूट व हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराधों में भी यह बदमाश संलिप्त है। अपराधों से धन अर्जित कर बउआ ने भव्य मकान बनाया था। हंसराज खुद अपने गैंग का सरगना है। प्रशासन उसके खिलाफ अभी और कार्रवाई की तैयारी में है। पुलिस-प्रशासन का कहना है कि हंसराज उर्फ बउआ गैंग के अन्य सदस्यों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।