स्वच्छ माहौल बनाने के लिए कार्यालयों में रखे साफ व्यवस्था दुरुस्त: जिलाधिकारी

-नवागत जिलाधिकारी ने पहले दिन अपने दफ्तर में बैठकर सुनी लोगों की समस्याएं
-अधिकारियों के साथ प्रत्येक पटल पर कार्यालयों का किया निरीक्षण

गाजियाबाद। नवागत जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट और विकास भवन स्थित सभी कार्यालयों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छ माहौल बनाने के लिए कार्यालयों में साफ-सफाई जरूर रखें। कार्यालयों में चाय बनाने पर पाबंदी भी लगा दी। इसके बाद नवागत जिलाधिकारी ने अपने दफ्तर में बैठकर लोगों की समस्याएं भी सुनीं। डीएम ने सीडीओ समेत अन्य अधिकारियों के साथ प्रत्येक पटल पर कार्यालयों का जाकर निरीक्षण किया। दरअसल, प्रदेश शासन द्वारा राकेश कुमार सिंह का तबादला कानपुर नगर में डीएम के पद पर तबादला किए जाने के बाद अलीगढ़ के जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को जिलाधिकारी गाजियाबाद बनाया गया है।

कौशांबी स्थित रेडिसन ब्लू में जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को तत्कालीन जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह का विदाई दी गई। इसमें नवागत डीएम इन्द्र विक्रम सिंह भी पहुंचे। इनके स्वागत में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इसके अलावा जनपद में तैनात रहे एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव का भी शासन ने पदोन्नति किए जाने के बाद यहां से लखनऊ विकास प्राधिकरण में सचिव के पद पर तबादला कर दिया हैं। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में सभी कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से परिचित होते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।

एक स्वच्छ वातावरण में ही जागरूक सोच का विकास होता है और हमें अपने कार्य के प्रति नए-नए गुणवान विचार आते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय आए। समय से पूर्व ही सभी कार्यालय में कार्य पूर्ण करें। दीवारों पर अनावश्यक चीजें ना लगाएं। कार्यालय में अनावश्यक सामग्री ना रखें। अन्य चीजों का भी विशेष ध्यान रखे। निरीक्षण के बाद डीएम ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द उनकी जांच कराने के निर्देश दिए। शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने के आदेश दिए।