ग्रेटर नोएडा वेस्ट का ट्रैफिक होगा सामान्य, दो एफओबी शुरू

-सुपरटेक इको विलेज व यथार्थ हॉस्पिटल के समीप बनाए गए एफओबी शुरू किए गए
-सांसद डॉ महेश शर्मा और दादरी विधायक तेजपाल नागर ने एफओबी का लोकापर्ण किया

उदय भूमि
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यातायात को सुचारु रखने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी पहल की है। प्राधिकरण ने गुरुवार को दो फुट ओवरब्रिज जनता के लिए खोल दिए। सांसद डॉ महेश शर्मा और दादरी विधायक तेजपाल नागर ने एफओबी का लोकापर्ण किया। इससे हजारों लोगों को फायदा मिलेगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सुपरटेक इको विलेज के निकट 65 मीटर लंबे फुटओवर ब्रिज का निर्माण किया है। इस पर 5.23 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा यथार्थ हॉस्पिटल के समीप बनाए गए एफओबी पर 4.18 करोड़ रुपये खर्च किए गए। यह ब्रिज विद्यार्थियों और जनसामान्य के लिए नई सुविधा, सुरक्षा व सुगम यातायात का प्रतीक है। इससे सड़क पार करने के दौरान दुर्घटनाओं को रोकने में भी सहायक होगा। इस मार्ग पर ट्रैफिक का अधिक दबाव होने की वजह से सड़क पार करते समय हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती थी। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट लाइटिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

गुरुवार को सांसद डॉ महेश शर्मा व विधायक तेजपाल नागर दोनों फुट ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया। सांसद डॉ़ महेश शर्मा ने कहा कि लंबे समय से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोग एफओबी की मांग कर रहे थे। सरकार जनता की जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है। जहां पर भी विकास की आवश्यकता है, उसे तेजी से किया जा रहा है। आमजन से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है।

यहां चल रहा एफओबी का निर्माण
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चारमूर्ति गोलचक्कर के पास, सूरजपुर- कासना मार्ग पर जिला न्यायालय के पास, जगत फार्म मार्केट के सामने और सेक्टर अल्फा-1 व कैलाश अस्पताल के सामने एफओबी का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा दुर्गा टॉकिज गोल चक्कर सूरजपुर और सेक्टर ओमेगा-1 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सामने एफओबी का निर्माण प्रस्तावित है। एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को देखते हुए उन स्थानों पर एफओबी के निर्माण की योजना बनाई गई है, जहां पर हर रोज बड़ी संख्या में लोग सड़क पार करते हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इकोविलेज सोसाइटी और यथार्थ अस्पताल के पास स्थित नवनिर्मित एफओबी का शुभारंभ कर दिया गया है।