-अवैध फिटिंग सिर्फ कानून उल्लंघन नहीं, बल्कि जीवन के लिए गंभीर खतरा: त्रिगुण बिसेन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नवंबर 2025 को उत्तर प्रदेश शासन एवं यातायात निदेशालय, लखनऊ के निर्देश पर यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को लाल कुआँ क्षेत्र में एक विशेष चेकिंग अभियान आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने किया, जिनकी सक्रिय और सख्त कार्यशैली अभियान को प्रभावी बनाने में दिखी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने उन ऑटो चालकों पर विशेष नजर रखी, जिन्होंने अपने वाहनों में अवैध रूप से अतिरिक्त सीटें लगाई थीं या अवैध बम्पर फिट करवा रखे थे। डीसीपी त्रिगुण बिसेन ने मौके पर कहा कि अवैध फिटिंग केवल कानून तोडऩे वाली कार्रवाई नहीं है, बल्कि यह यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए गंभीर खतरा है। हमारा उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है। वाहन चालकों को नियमों का पालन करना चाहिए और किसी भी प्रकार की अवैध परिवर्तन से बचना चाहिए।
चेकिंग अभियान के दौरान कुल 161 ऑटो की जांच की गई, जिनमें से 55 ऑटो में अतिरिक्त सीटें और अवैध बम्पर पाए गए। इन सभी खतरनाक फिटिंग्स को मौके पर गैस कटर की सहायता से हटा दिया गया। सभी चालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार की अवैध और जोखिमपूर्ण फिटिंग नहीं करें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी त्रिगुण बिसेन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कानूनी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनता और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि सड़क पर हर यात्री और चालक सुरक्षित रहे। इसलिए सभी ऑटो और वाहन चालकों से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध फिटिंग न लगाएँ और यातायात नियमों का पालन करें। अभियान के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त-यातायात प्रथम, यातायात निरीक्षक प्रथम/द्वितीय सहित यातायात पुलिस के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
डीसीपी त्रिगुण बिसेन की सख्त और व्यवस्थित कार्यशैली अभियान को सुचारू और प्रभावी बनाने में प्रमुख रही। उनके सक्रिय निरीक्षण और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता से यह अभियान शहर में सड़क सुरक्षा के लिए एक मजबूत संदेश बन गया। गाजियाबाद यातायात पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की कि वे सड़क सुरक्षा में सहयोग करें, नियमों का पालन करें और वाहन में किसी भी प्रकार की अवैध फिटिंग या अतिरिक्त सीट न लगाएँ। डीसीपी त्रिगुण बिसेन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है, और पुलिस प्रशासन इसे सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयासरत रहेगा। इस अभियान ने दिखाया कि त्रिगुण बिसेन की नेतृत्व क्षमता और सक्रिय कार्यशैली सड़क सुरक्षा सुधार में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। उनका दृष्टिकोण और जनता के प्रति जागरूकता अभियान ने यह स्पष्ट कर दिया कि सुरक्षा और नियमों का पालन हर कीमत पर अनिवार्य है, और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
















