नगर निगम में चली तबादला एक्सप्रेस, अपर नगर आयुक्त व लेखाधिकारी का हुआ तबादला

गाजियाबाद। प्रदेश शासन द्वारा आईएएस व आईपीएस से लेकर पीसीएस अफसरों के गैर जनपदों में किए जा रहे तबादलों के चलते शनिवार को नगर विकास अनुभाग के विशेष सचिव धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर निगम के अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव का नगर निगम गोरखपुर में तबादला कर दिया। शिवपूजन यादव ने स्वयं तबादले के लिए शासन के समक्ष आवेदन किया था। शिवपूजन यादव को अब गोरखपुर नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, गाजियाबाद नगर निगम में तैनात लेखाधिकारी राजेश कुमार गौतम का प्रदेश शासन ने मथुरा-वृंदावन नगर निगम में लेखाधिकारी के पद पर किया है। इनकी जगह नगर निगम मथुरा-वृंदावन से गीता कुमारी को गाजियाबाद नगर निगम में लेखाधिकारी बनाया गया है।

वहीं, जलकल विभाग में लंबे समय से तैनात सहायक अभियंता आश कुमार का तबादला जनपद फिरोजाबाद नगर निगम में किया गया है। नगर निगम के संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम का गाजियाबाद नगर निगम से मेरठ नगर निगम में तबादला किया गया है। इनके अलावा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार मिश्रा का जनपद गोरखपुरम में एडी बेसिक के पद पर तबादला किया गया। इनकी जगह ओपी यादव को जिला बेसिक अधिकारी बनाया गया है। वहीं,जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्रा का जनपद मथुरा में तबादला किया गया। इनकी जगह आगरा जनपद से मनोज कुमार पुष्कर को जिला प्रोबेशन अधिकारी बनाया गया है। आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्या राजकुमार यादव का आईटीआई कॉलेज लखनऊ में प्रधानाचार्या के पद पर तबादला किया गया।