राजद्रोह केस : पुलिस स्टेशन में कंगना की पेशी

अभिनेत्री ने प्रताड़ित करने का आरोप लगाया

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राजद्रोह केस में कंगना को शुक्रवार को बांद्रा पुलिस स्टेशन में पेश होना पड़ा। कंगना की पुलिस स्टेशन में पेशी के दरम्यान की कुछ फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। अभिनेत्री ने खुद को टॉर्चर किए जाने का आरोप भी लगाया है। कास्टिंग डायरेक्टर साहिल सईद की शिकायत पर पुलिस ने कंगना रनौत के खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज किया था। सईद ने कंगना पर नफरत फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाडऩे की कोशिश करने का आरोप लगाया था। कंगना रनौत के कुछ ट्वीट के खिलाफ कास्टिंग डायरेक्टर ने पुलिस से शिकायत की थी। एफआईआर में कंगना रनौत की बहन रंगोली को भी नामजद किया गया। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा 3 समन देने के बावजूद कंगना और रंगोली जांच में शामिल नहीं हुई थीं। अभिनेत्री ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख कर एफआईआर को खारिज करने की मांग की, मगर कोर्ट ने ऐसा करने से इनकार कर उन्हें 8 जनवरी को बांद्रा पुलिस स्टेशन में पेश होने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश का पालन कर शुक्रवार को कंगना रनौत बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंची। बताया गया है कि पुलिस ने कंगना के कुछ वीडियो और ट्वीट संभाल कर रखे हैं। उधर, कंगना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह इस बात पर नाराजगी जाहिर कर रही हैं कि उन्हें जान-बूझकर परेशान किया जा रहा है। वे कह रही हैं कि उन्हें पुलिस में हाजिरी देने के लिए कहा जा रहा है, मगर यह नहीं बताया जा रहा कि कहां आना है, कैसे हाजिरी देनी है। वीडियो में कंगना ने कोर्ट के सामने भी सवाल उठाए हैं। वह कह रही हैं कि क्या ये ऐसा जमाना आ गया है जहां पर महिलाएं अपनी आवाज भी नहीं उठा सकती हैं।