मुसीबत : श्रीलंका की गिरफ्त में 9 भारतीय मछुआरे

श्रीलंकाई नौसेना ने जब्त की नाव, नष्ट किए जाल

नई दिल्ली। श्रीलंकाई नौसेना ने 9 भारतीय मछुआरों को पकड़ा है। आरोप है कि भारतीय मछुआरे श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने पहुंच गए थे। नौका भी जब्त कर ली गई है। दूसरी घटना में श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों के मछली पकड़ने में इस्तेमाल जाल नष्ट कर दिए हैं। दोनों प्रकरण पर भारत सरकार का संबंधित विभाग संज्ञान ले रहा है। मत्स्य विभाग के अफसरों के मुताबिक श्रीलंकाई नौसेना ने शनिवार को नेदुनथीवू के समीप 9 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। मछली पकड़ने की नौका भी जब्त कर ली गई है। मत्स्य विभाग का कहना है कि दूसरी घटना में श्रीलंकाई नौसैनिकों ने कच्चाथीवू के पास भारतीय मछुआरों की 20 नौकाओं के जाल नष्ट कर दिए। आरोप है कि श्रीलंकाई जवानों ने भारतीय मछुआरों पर पथराव कर बोतलें भी फेंकी। मछुआरों के संगठन के प्रतिनिधि सेसुराजा ने श्रीलंकाई नौसैनिकों की कार्रवाई की आलोचना की है। सेसुराजा ने कहा कि साजो-सामान को क्षतिग्रस्त करने से मछुआरों को मुश्किलें आती हैं। पिछले साल अक्तूबर में श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों के एक दल को निशाना बनाया था। इस दल को घुसपैठिए बताकर इन पर घातक हथियारों से हमला किया गया था। हमले में एक भारतीय मछुआरे के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। श्रीलंका का आरोप है कि ये मछुआरे उसकी सीमा में जबरन घुस आए थे। हालाकि मछुआरों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के उल्लंघन से इनकार किया है। मछुआरों ने बताया कि श्रीलंकाई नौसेना ने उन पर पथराव करने के अलावा मछली पकड़ने के जाल को भी नुकसान पहुंचाया है। मत्स्य विभाग ने दोनों घटनाओं पर संज्ञान लिया है। भारतीय मछुआरों की नियमानुसार रिहाई के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। समुद्र में मछड़ी पकड़ने के दौरान मछुआए अक्सर गलती से भी दूसरे देश की सीमा में प्रवेश कर जाते हैं।