-आबकारी विभाग की सतर्कता से जिले में अवैध शराब की पहुंच पर नियंत्रण
-जिले में अवैध शराब के खिलाफ निरंतर अभियान, नागरिकों ने की विभाग की सराहना
-कैब में छिपाकर कर रहे थे शराब तस्करी, हरियाणा शराब के साथ लाखों की कार सीज
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब की तस्करी और धंधे पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने रविवार रात को विशेष कार्रवाई की। इस कार्रवाई में हरियाणा से शराब तस्करी कर रहे दो तस्करों को पकड़ते हुए उनके पास से अवैध शराब बरामद की गई। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की निगरानी में चल रहे इस अभियान ने एक बार फिर दिखा दिया कि आबकारी विभाग जिले में शराब के अवैध कारोबार को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। सूत्रों के अनुसार, आबकारी निरीक्षक डॉ. शिखा ठाकुर और थाना 135 की संयुक्त टीम एक्सप्रेस वे स्थित पुस्ता मार्ग पर ग्राम नगली पुस्ता कट पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी और दबिश देकर दो तस्करों को पकड़ लिया। पकड़े गए तस्कर रोहित अवाना पुत्र हृदय सिंह और रूपेश कुमार पुत्र आनंद हरियाणा से शराब की तस्करी कर गौतमबुद्ध नगर में प्रवेश कर रहे थे।
जांच के दौरान तस्करों के पास से 180 एमएल की संतरा मसालेदार ब्राण्ड देशी शराब के कुल 131 पौव्वे बरामद हुए। शराब की अनुमानित कीमत करीब दो हजार रुपये बताई गई है। हालांकि, तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी डिजायर टूवरेस्ट कार की कीमत 7 से 8 लाख रुपये आंकी गई है। बताया गया कि तस्कर कैब के रूप में इस कार का इस्तेमाल करते थे और इसके माध्यम से सवारियों को बैठाकर हरियाणा से शराब तस्करी करते थे। आबकारी विभाग की टीम ने शराब और कार को सीज कर दिया।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अवैध शराब और तस्करी को रोकने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत रात-दिन दबिश, चेकिंग और निगरानी जारी है। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग की यह कार्रवाई न केवल शराब तस्करों के लिए चेतावनी है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सामाजिक हित को सुनिश्चित करने की दिशा में भी अहम कदम है। आबकारी विभाग की टीम ने इस कार्रवाई में अत्यंत सतर्कता और प्रोफेशनलिज़्म का परिचय दिया। उन्होंने इलाके में गश्त के दौरान किसी भी प्रकार की चूक नहीं की और तस्करों को मौके पर ही पकडऩे में सफलता हासिल की। अधिकारियों ने शराब तस्करी के साथ-साथ अवैध कारोबार में प्रयुक्त वाहनों की भी जांच की और अवैध साधनों को कब्जे में लिया।
इस अभियान की सराहना स्थानीय लोगों ने भी की है। नागरिकों का कहना है कि आबकारी विभाग की सक्रियता और सतर्क निगरानी से जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग की इस कठोर कार्रवाई से शराब तस्करों में भय उत्पन्न हुआ है और भविष्य में ऐसे मामलों में गिरावट आने की संभावना है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले में किसी भी प्रकार की अवैध शराब की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि टीम समय-समय पर सड़क मार्ग, ग्रामीण इलाकों और संदिग्ध ठिकानों पर चेकिंग कर रही है। उनका कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य न केवल अवैध शराब को पकडऩा है, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा और जागरूकता भी बढ़ाना है। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग ने यह सुनिश्चित किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस कार्रवाई के साथ ही यह संदेश गया कि जिले में शराब तस्करी और अवैध निर्माण को कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
















