भागीरथ कैंपस में दिव्यांगों के लिए दो दिवसीय शिविर का आयोजन

-राज्य स्तरीय चयन शिविर में 42 खिलाडिय़ों का हुआ चयन

गाजियाबाद। स्पेशल ओलंपिक भारत, उत्तर प्रदेश और भागीरथ सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में दिव्यांग खिलाडिय़ों के लिए दो दिवसीय राज्य स्तरीय चयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन भागीरथ पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किया गया। राज्य स्तरीय शिविर के माध्यम से फ्लोरबॉल और स्पीड स्केटिंग खेल के लिए प्रतिभाशाली दिव्यांग छात्र-छात्राएं चयनित किए गए। शिविर में गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, इटावा और बरेली जिलों के करीब एक दर्जन स्पेशल स्कूल से 75 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

प्रतिभागियों की आयु सीमा 15 वर्ष थी। कैंप का शुभारंभ 29 जुलाई और समापन 30 जुलाई को हुआ। दोनों खेलों के लिए 42 दिव्यांग प्रतिभागियों का चयन हुआ। इस विशेष शिविर के मुख्य अतिथि ्यष्ठरूढ्ढस् के डायरेक्टर एसडी शर्मा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीसीपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा और भागीरथ सेवा संस्थान के निदेशक, अमिताभ सुकुल ने कार्यक्रम में अपनी भागीदारी निभाई। भागीरथ सेवा संस्थान के निदेशक अमिताभ सुकुल ने स्पेशल ओलंपिक भारत, उत्तर प्रदेश को स्टेट लेवल सिलेक्शन कैंप के लिए गाजियाबाद जिले का चुनाव करने के लिए धन्यवाद अदा किया।

उन्होंने कहा कि यह गाजियाबाद का सौभाग्य है जो स्टेट लेवल कैंप का आयोजन यहां किया गया। इससे गाजियाबाद के दिव्यांग प्रतिभागियों को बेहतर मौके मिले। अमिताभ सुकुल ने कहा कि खेल न सिर्फ शारीरिक और मानसिक रूप से इंसान को मजबूत करते हैं बल्कि समानता की भावना को भी बढ़ाते हैं। इस विशेष शिविर में भागीरथ स्पेशल स्कूल के बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भागीरथी स्पेशल स्कूल से 2 बच्चों का चयन फ्लोर बॉल और एक बच्चे का चयन स्पीड स्केटिंग के लिए हुआ।