रात में बेच रहे थे यूपी की शराब, दो तस्कर गिरफ्तार

गौतमबुद्ध नगर। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त तस्करों पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने अपनी कार्रवाई को तेज कर दिया है। छोटे तस्कर हो या फिर बड़े माफिया सभी को ढूंढ कर सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। जो कि लाइसेंसी शराब की दुकान से खरीद कर उक्त शराब को रात में महंगे दामों में बेचते था। दिन में लाइसेंसी शराब की दुकान से शराब के पव्वे लेकर एकत्रित कर लेता था और रात होते ही उक्त शराब को चोरी छिपे बेचता था। इन दिनों आबकारी विभाग की नजर राजमार्ग, राष्ट्रीय मार्ग के साथ-साथ क्षेत्र में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों पर ज्यादा है। क्योंकि बाहरी राज्यों से शराब तस्करी भले ही कम हो गई हो, मगर क्षेत्र में अवैध रुप से शराब तस्करी करने वालों की संख्या ज्यादा बढ़ गई है। समय रहते उन पर कार्रवाई कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की सभी टीमें दिन-रात चेकिंग एवं दबिश दे रही है। बुधवार रात को आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही की टीम द्वारा दबिश देकर थाना सेक्टर-113 स्थित पर्थला गोल चक्कर से फेज-2 की ओर जाने वाली सर्विस रोड के पास अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे सुनील पुत्र नन्दलाल निवासी कुलपुहाढ़, जिला महोबा एवं रवींद्र पुत्र खेत सिंह निवासी पनवाड़ी जिला महोबा को गिरफ्तार किया है।। जिनके कब्जे से 105 पौवे वेव कटरीना देशी शराब ब्रांड यूपी मार्का बरामद किया गया। जिनके खिलाफ थाना सेक्टर-113 में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। राजमार्ग, राष्ट्रीय मार्ग के साथ-साथ क्षेत्र में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ दिन-रात अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।