मुम्बई में सत्ता संरक्षण में अंडरवर्ल्ड का है राज: तरुण मिश्र

अखिल भारतवर्षीय ब्राहण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ की विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

उदय भूमि ब्यूरो
देहरादून। कोरोना काल के दौरान उत्तराखंड में पढ़ने वाले बिहार के छात्रों की बेहतर तरीके से देखभाल एवं उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था करने के लिए अखिल भारतवर्षीय ब्राहण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को धन्यवाद दिया। देहरादून में मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात के दौरान कई सामाजिक एवं राजनैतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। तरुण मिश्र ने कहा कि कोरोना एक चुनौती है लेकिन भारत इससे निपटने में सक्षम है। लोगों में जागरूकता बढ़ी है। अधिक जांच होने के कारण मामले बढ़ रहे हैं लेकिन जल्द ही इस पर काबू पा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुशांत सिंह केस ने महाराष्ट्र सरकार के चेहरे से नकाब हटा दिया है। बॉलीवुड एक ऐसा जगह बन गया है जहां सत्ता के संरक्षण में अपराध और अंडरवर्ल्ड का राज चल रहा है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद देहरादून में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए तरुण मिश्र ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत को न्याय मिलना चाहिये। महाराष्ट्र सरकार सुशांत के पक्ष में उठने वाली हर आवाज को दबा रही है। इस सवाल के जवाब में तरुण मिश्र ने कहा कि सत्य को दबाया जा सकता है लेकिन छिपाया नहीं जा सकता। सुशांत के गुनाहगारों को सजा मिलकर रहेगी। भले ही वह कितने भी रसूखदार क्यों ना हो उनका चेहरा अधिक दिनों तक नहीं छिप सकेगा। सुशांत के लिए आवाज बुलंद करने वाली कंगना रानौत का महाराष्ट्र सरकार उत्पीड़न कर रही है वह यह संदेश देना चाहती है कि हम सभी को खामोश कर सकते हैं। लेकिन जनता उन्हें खामोश कर देगी। क्या बिहार चुनाव के लिए सुशांत सिंह के केस को उठाया जा रहा है। पत्रकारों के इस सवाल के जवाब में तरुण मिश्र ने कहा कि पाकिस्तान परस्त और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस इस तरह की बातें कर रही है। लेकिन जनता सब देख रही है कि महाराष्टÑ में कांग्रेस और शिवसेना की सरकार किस तरह से देश के दुश्मनों के लिए काम कर रही है। जनता यह जान चुकी है। सुशांत की लड़ाई न्याय की लड़ाई है। चुनाव से इसका कोई मतलब नहीं है।