-गाजियाबाद नगर आयुक्त ने निगम अधिकारियों एव सफाई मित्रों सहित कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
-17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक गाजियाबाद में नगर निगम चलाएगा महासफाई अभियान
-जन सहभागिता से गाजियाबाद स्वच्छता सर्वेक्षण में फिर होगा नम्बर वन: विक्रमादित्य सिंह मलिक
दिल्ली/गाजियाबाद। स्वच्छ भारत मिशन की दसवीं वर्षगांठ के उपलक्ष में आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा सुषमा स्वराज भवन दिल्ली में शुक्रवार को स्वच्छता ही सेवा 2024 का मुख्य अतिथि केंद्रीय आवास और शहरी मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की मौजूदगी में शुभारंभ किया। यह आयोजन एक मील का पत्थर है, क्योंकि स्वच्छ भारत मिशन अपनी दसवीं वर्षगांठ मना रहा है और स्वच्छता ही सेवा अभियान अपने सातवें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। एसएचएस 2024 की थीम, स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता, पूरे भारत में स्वच्छता के प्रयासों में सामूहिक कार्रवाई और नागरिक भागीदारी की भावना को पुनर्जीवित करने का प्रयास करती है। यह तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है, जो ‘सम्पूर्ण समाज के दृष्टिकोण पर बल देते हैं। एक पखवाड़े तक चलने वाले इस अभियान में जिला प्रशासन और राज्य सरकारों की व्यापक भागीदारी होगी, जिससे देश भर में स्वच्छता के प्रति एक सहयोगात्मक और समन्वित दृष्टिकोण सुनिश्चित होगा।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बल देकर कहा कि इस अभियान की सफलता भारत को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में सरकारी अधिकारियों, गैर सरकारी संगठनों, कॉरपोरेट्स से लेकर आम नागरिकों तक प्रत्येक हितधारक के सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। कार्यक्रम में गाजियाबाद नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने भी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार, अपर नगर आयुक्त अवनिंद्र कुमार एवं सफाई मित्रों के साथ प्रतिभाग किया। गाजियाबाद को एक बार फिर से स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर-1 बनाने के लिए मोटिवेशन प्राप्त किया। नगर आयुक्त ने बताया आवास और शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में एसबीएम को 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा देश को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। जिसमें गाजियाबाद को भी मोटिवेशन प्राप्त हुआ।
गाजियाबाद नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और टीम ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। गाजियाबाद शहर को फिर से नंबर वन बनाने के लिए दृढ़ संकल्प किया गया। जिसके लिए विभागों की आंतरिक कार्यवाही प्रारंभ हो चुकी है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक गाजियाबाद नगर निगम द्वारा महा सफाई अभियान का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हिंडन नदी घाट पर भी सफाई अभियान वृहद रूप में चलेगा, इंदिरापुरम और गाजियाबाद नगर निगम के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी जन सहभागिता सुनिश्चित करते हुए सफाई अभियान चलाया जाएगा। गार्बेज पॉइंट भी समाप्त किए जाएंगे। जिसके लिए प्लानिंग चल रही है, सफाई मित्रों का विशेष सहयोग गाजियाबाद को नंबर वन बनाने में रहा है जो कि आगे भी रहेगा। नगर निगम द्वारा स्वच्छता ही सेवा 2024 कार्यक्रम के लिए योजना बनाई गई है।
शहर को फिर से नंबर वन बनाने के लिए निगम अधिकारी प्लानिंग कर रहे हैं। 17 सितंबर से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। जिसमें जन-जन को स्वच्छता के लिए जागरूक किया जाएगा। येलो स्पॉट, ब्लैक स्पॉट के प्रति भी जागरूक करते हुए गार्बेज पॉइंट भी काम किए जाएंगे। हर गली हर चौराहे को सुसज्जित और सुंदर बनाया जाएगा। जिसके क्रम में स्वच्छ भारत मिशन की टीम भी बेहतर कार्य के लिए योजना बना रही है। 2 अक्टूबर को स्वच्छता के संदेश के साथ निगम बड़ा कार्यक्रम आयोजित करेगा। सफाई मित्रों में मंजू, इशांत, दिनेश कुमार, राधा, विकास, मोनिका, संतोष, प्रताप, राकेश, शर्मिष्ठा, सफाई नायक संदीप ने भी हिस्सा लिया एसबीएम के प्रोजेक्ट हेड सुश्रत बिश्नोई भी उपस्थित हुए।

















