उदय भूमि
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की उपचुनाव वाली नौ विधानसभा सीटों पर सुबह से मतदान जारी है। इन सीटों पर कुल 3435974 मतदाता हैं। 11 महिलाओं समेत 90 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे ज्यादा मतदाता गाजियाबाद और सबसे कम सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में हैं। कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट पर तीन बजे तक 40.29 फीसदी मतदान हुआ है। अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 39 है। मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर तीन बजे तक कुल 49.06 प्रतिशत मतदान हुआ है।
चंडौस के बूथ संख्या एक पर ईवीएम ने दिया धोखा
अलीगढ़ की खैर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में चंडौस के बूथ संख्या एक पर ईवीएम मशीन खराब हो गई, जिसके कारण मतदान रुक गया है। सुबह खैर के चमन नगरिया, जला कसेरु और सोफा में मतदान बहिष्कार हुआ। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के समझाने पर मतदान शुरू हुआ। अन्य मतदान केंद्रों में वोटिंग जारी है। एक बजे तक 28.80 प्रतिशत मतदान हुआ। खैर में मतदान प्रतिशत बहुत धीमा है।
मुजफ्फरनगर में दो पुलिसकर्मियों पर गिरी निलंबन की गाज
मुजफ्फरनगर के मीरापुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान चुनाव आयोग द्वारा जारी गाइडलाइंस का अनुपालन न करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर अभिषेक सिंह ने उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उप निरीक्षक नीरज कुमार थाना शाहपुर, मुजफ्फरनगर और उप निरीक्षक ओमपाल सिंह थाना भोपा, मुजफ्फरनगर पर कार्रवाई की गई है।
मिर्जापुर के मझवां में सपा प्रत्याशी का ने पुलिस पर लगाया धमकाने का आरोप
समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डॉ. ज्योति बिंद ने पुलिस प्रशासन पर सत्ता पक्ष के दबाव में मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र भेजा है। आरोप है कि सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों द्वारा मतदान केंद्रों पर जाकर मतदाताओं को धमकाया जा रहा है। सपा समर्थकों को गाड़ी में बैठा कर ले जा रहे हैं। आरोप लगाया कि मिर्जापुर के मझवां विधानसभा क्षेत्र के बरैनी से सेक्टर अध्यक्ष विजय यादव, गोपाल, अरविंद को सुबह छह बजे से घर से उठा लिया गया है। उनका अब तक पता नहीं है। कछवा थाना क्षेत्र के जलालपुर, देहात कोतवाली के चितवनपुर बूथों पर मुस्लिम, यादव, बिंद बाहुल्य गांव में भारी पुलिस बल लगाकर मतदान करने से रोका जा रहा है।
लापरवाही पर पुलिसकर्मी हटाए गए
मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में एक बजे तक 41.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बावजूद कुछ स्थानों पर लापरवाही सामने आने पर पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से हटा दिया गया। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।
चुनाव आयोग की बड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश उपचुनाव के बीच चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग ने मतदाताओं की जांच करने और उन्हें मतदान करने से रोकने के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद में तीन और कानपुर में और मुजफ्फरनगर दो पुलिसवाले सस्पेंड किए गए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने उत्तर प्रदेश चुनाव अधिकारियों को निष्पक्ष और सुचारू मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यूपी उपचुनाव के दौरान कुछ समुदायों को मतदान करने से रोकने की शिकायत की थी। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई की है। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा एक्स पर एक वीडियो साझा किया गया है, जिसमें एक पुलिस कर्मी मतदाता की पर्ची फाड़ता दिख रहा है। कानपुर के एसआई अरुण सिंह और राकेश नादर निलंबित किए गए हैं। इनका मतदाता को वापस करने का वीडियो वायरल हुआ था। वोट न डालने देने के मामले का आयोग ने संज्ञान लिया है।
मैनपुरी के करहल में युवती की हत्या
मैनपुरी के करहल कस्बा की रहने वाली एक युवती की हत्या के बाद लाश को बोरे में बंद कर नगला अंती के पास फेंक दिया गया। बुधवार की सुबह जानकारी हो सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की शिनाख्त कर ली। परिजनों का आरोप है कि बेटी भाजपा को वोट देना चाहती थी। उसे रोकने के लिए अपहरण कर हत्या कर दी गई।
कानपुर में फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा
कानपुर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के जीआईसी गेट पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। दोनों पार्टियों की तरफ से फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर खूब हंगामा हुआ। जीआईसी मैदान में दोनों पार्टियों के प्रत्याशी और कार्यकर्ता जमा हो गए हैं। गहमागहमी का माहौल है, भारी संख्या में फोर्स को तैनात किया गया है।
पोलिंग एजेंट को पीटने पर धरने पर बैठे भाजपा प्रत्याशी
कानपुर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के जीआईसी में भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी पोलिंग एजेंट को पीटने के लेकर धरने पर बैठ गए हैं। पुलिस ने समझा बुझाकर उन्हें बाहर निकाला है। जीआईसी के आसपास भीड़ जमा हो गई है। सुरेश अवस्थी की गाड़ी पर लाल इमली चौराहे पत्थर भी चला है।
वोट डालने जा रहे ग्रामीणों को रोकने का आरोप
मुजफ्फरनगर की मीरापुर इलाके के सीकरी में मतदान केंद्र के बाहर ग्रामीण एकत्र हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें वोट डालने से रोका जा रहा है। सपा प्रत्याशी सुम्बुल राणा सीकरी पहुंचीं, उन्होंने चुनाव अधिकारी को पत्र लिखा है। अमर उजाला संवाददाता से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाताओं के साथ जा रहे हैं, वहीं खड़े रहकर वोट डलवाएंगे।
औंछा बूथ पर ईवीएम खराब, एक घंटेका मतदान
मैनपुरी की करहल विधानसभा के औंछा स्थित चमनऋषि विद्यालय बूथ संख्या-360 पर मतदान करने आए लोग एक घंटे से इंतजार कर रहे हैं। यहां ईवीएम खराब होने की सूचना है। वोट डालने के इंतजार में लोग लाइन में लगे हुए हैं।
करहल विधानसभा सीट पर 32.29 फीसदी वोटिंग
करहल विधानसभा उपचुनाव में एक बजे तक का वोटिंग प्रतिशत जारी कर दिया गया है। एक बजे तक इस विधानसभा के उपचुनाव में 31.83 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
यूपी की नौ सीटों पर 3 बजे तक मतदान
मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर 36.77 फीसदी मतदान
मिर्जापुर की मझवां सीट पर 43.64 प्रतिशत वोटिंग
खैर विधानसभा सीट पर 39.86 प्रतिशत वोटिंग
प्रयागराज की फूलपुर सीट पर 36.58 फीसदी मतदान
मुरादाबाद की कुंदरकी सीट पर 50.03 प्रतिशत मतदान
मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर 44.70 फीसदी वोटिंग
अंबेडकर नगर की कटेहरी सीट पर 49.29 प्रतिशत मतदान
गाजियाबाद सीट पर 27.44 फीसदी मतदान
कानपुर की सीसामऊ सीट पर 40.29 फीसदी मतदान
















