यूपी एक्साइज नागरिक ऐप से शराब उपभोक्ताओं को मिलेगी पूर्ण पारदर्शिता: नितिन अग्रवाल  

उत्तर प्रदेश में लॉन्च हुआ ‘यूपी एक्साइज नागरिक ऐप’, मदिरा उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शिता और सुरक्षा का नया युग
-नागरिक अपने मोबाइल से शराब की बोतल का सत्यापन करेंगे और किसी भी विसंगति की तुरंत शिकायत कर सकेंगे

उदय भूमि संवाददाता
लखनऊ। आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने सोमवार को गन्ना संस्थान स्थित सभागार में ‘यूपी एक्साइज नागरिक ऐप’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग देशी शराब की दुकानों, संयुक्त दुकानों, माडल शॉप, प्रीमियम रिटेल विक्रेताओं एवं बार अनुज्ञापनों से मदिरा और बीयर की बिक्री में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में नागरिकों के लिए सर्वसुलभ ‘यूपी एक्साइज नागरिक ऐप’ तैयार किया गया है।
यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और ऐप्पल ऐप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है, जिसे कोई भी नागरिक अपने मोबाइल फोन पर डाउनलोड कर सकता है। ऐप का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके द्वारा खरीदी गई शराब या बीयर की बोतल/एसेप्टिक पैक/कैन के बारे में सभी आवश्यक जानकारी प्रदान करना है। इसके माध्यम से बोतल पर लगे एक्साइज लेबल पर छपे क्यू.आर. कोड को स्कैन कर उपभोक्ता तुरंत मदिरा का ब्रांड, पैकिंग प्रकार, शराब की तीव्रता, अधिकतम खुदरा मूल्य, संबंधित दुकान का नाम, शॉप आई.डी., स्टॉक-इन तिथि और थोक अनुज्ञापन से संबंधित सभी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इस दौरान आबकारी आयुक्त आदर्श सिंह उपस्थित रहे। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि इस ऐप से नागरिक न केवल खरीदारी के समय किसी भी विसंगति की पहचान कर सकते हैं, बल्कि तुरंत जिला आबकारी अधिकारी या विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14405 पर इसकी सूचना भी दे सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऐप में उपलब्ध ‘शिकायत’ मेन्यू के माध्यम से आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से विभिन्न प्रकार की शराब और बीयर जैसे व्हिस्की, वोदका, रम, जिन, देशी शराब, यू.पी.एम.एल. आदि की जानकारी भी आसानी से प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही पैकिंग टाइप जैसे ग्लास बोतल, पेट बोतल, एसेप्टिक ब्रिक पैक (टेट्रा पैक) और कैन आदि की जानकारी भी ऐप पर उपलब्ध होगी। नितिन अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी मदिरा या बीयर की बोतल खरीदते समय ‘यूपी एक्साइज नागरिक ऐप’ का उपयोग अवश्य करें।

यदि कोई विसंगति पाई जाती है, तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि यह ऐप नागरिकों और आबकारी विभाग के बीच सीधे संपर्क का माध्यम बनेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। इस ऐप के शुभारंभ से राज्य में मदिरा उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक होने का अवसर मिलेगा। इस पहल से न केवल उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि राज्य में मदिरा व्यापार की निगरानी और नियंत्रण भी सुदृढ़ होगा। उपभोक्ताओं के लिए यह ऐप एक स्मार्ट उपकरण के रूप में कार्य करेगा, जो उन्हें नकली और अवैध मदिरा से बचाएगा और उनकी खरीदारी को सुरक्षित बनाएगा। आबकारी विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि ऐप का उपयोग सरल, सहज और सभी नागरिकों के लिए उपलब्ध हो। इस प्रकार ‘यूपी एक्साइज नागरिक ऐप’ तकनीकी नवाचार का उदाहरण है और उपभोक्ता अधिकारों तथा पारदर्शिता के क्षेत्र में नई दिशा स्थापित करता है। अब नागरिक अपने मोबाइल से कुछ क्लिक में मदिरा की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आवश्यकतानुसार शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिससे उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग की पारदर्शिता और दक्षता और भी मजबूत होगी।