यूपी एमएलसी चुनाव : कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान

शिक्षक-स्नातक की 11 सीटों पर 199 प्रत्याशी मैदान में
3 दिसम्बर को मतगणना के बाद घोषित होंगे नतीजे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की खंड स्नातक और खंड शिक्षक क्षेत्र की 11 सीटों के लिए मंगलवार को वोटिंग शुरू हो गई। चुनाव मैदान में कुल 199 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 3 दिसम्बर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने को प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद किए गए हैं। विधान परिषद की खंड स्नातक और खंड शिक्षक क्षेत्र की 11 सीटों पर मंगलवार की सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया आरंभ हुई। शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। उप्र शासन ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न तरीके से चुनाव संपन्न कराने को सभी डीएम और एसएसपी को जिम्मेदारी सौंपी है। अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया पर निर्वाचन आयोग की भी नजर है। विधान परिषद की 11 सीटों पर कुल 199 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा-कांग्रेस, सपा और शिक्षक संघों के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बसपा ने इस चुनाव में हिस्सा नहीं लिया है।

मेरठ स्नातक क्षेत्र में सर्वाधिक 30 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। सबसे कम 11 उम्मीदवार लखनऊ शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र में हैं। इसके अलावा आगरा स्नातक खंड क्षेत्र में 22, इलाहाबाद-झांसी स्नातक खंड क्षेत्र में 16, लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र में 24, वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र में 22, आगरा खंड शिक्षक क्षेत्र में 16, बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र में 15, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र में 16, मेरठ खंड शिक्षक क्षेत्र में 15 और वाराणसी खंड शिक्षक क्षेत्र में 12 प्रत्याशी हैं। बता दें कि लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र से कांति सिंह, वाराणसी खंड स्नातक से केदार नाथ सिंह, आगरा खंड स्नातक से डॉ. असीम यादव, मेरठ खंड स्नातक से हेम सिंह पुंडीर, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक से डॉ. यज्ञदत्त शर्मा, लखनऊ खंड शिक्षक से उमेश द्विवेदी, वाराणसी खंड शिक्षक से चेत नारायण सिंह, आगरा खंड शिक्षक से जगवीर किशोर जैन, मेरठ खंड शिक्षक से ओम प्रकाश शर्मा, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड से संजय कुमार मिश्र और गोरखपुर-फैज़ाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से निर्वाचित विधान परिषद सदस्य धु्रव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल 6 मईए 2020 को पूर्ण हो गया था।