UPCA के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा का गाजियाबाद में हुआ भव्य स्वागत, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर, स्वागत समारोह में बोले राकेश मिश्रा क्रिकेट के लिए समर्पित सिपाही की तरह करूंगा काम

-सम्मान समारोह: क्रिकेट प्रेमियों ने यूपीसीए का उपाध्यक्ष बनने पर राकेश मिश्रा को दी बधाई
-राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम: प्रदेश में क्रिकेट का नया केंद्र
-गाजियाबाद से राष्ट्रीय स्तर तक खिलाडिय़ों को मिलेगा बेहतर मंच

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। क्रिकेट के क्षेत्र में लंबे समय से अपने समर्पण और योगदान के लिए पहचाने जाने वाले समाजसेवी राकेश मिश्रा को हाल ही में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) का उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। यह चुनाव पूरी प्रक्रिया में बिना किसी विरोध के सम्पन्न हुआ और नई कार्यकारिणी को निर्विरोध घोषित किया गया। इस उपलब्धि की खुशी में सोमवार को संजय नगर स्थित होटल फॉर्च्यून में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों ने राकेश मिश्रा को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी में निधिपथ सिंघानिया को अध्यक्ष, राकेश मिश्रा को उपाध्यक्ष, प्रेम मनोहर गुप्ता को सचिव, उमर मुस्तफा को संयुक्त सचिव और सचिन शुक्ला को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। गवर्निंग काउंसिल में दो पदों पर डॉ. संजय कपूर और संजय सिंह चुने गए हैं, जो उत्तर प्रदेश की टी-20 टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा, यूपीसीए की एपेक्स कमेटी के 11 सदस्य सिद्धार्थ सिंह, सुनील जोशन, करणपाल सिंह, लक्ष्य राज त्यागी, सिद्धार्थ प्रसाद, मनीष चौहान, सैफुद्दीन, सुरेंद्र पाल सिंह, लतीर्फुरहमान, सक्षम मिश्रा और उमर अहमद है। सम्मान समारोह में जीसीए चेयरमैन उमेश चौपड़ा, सचिव मनोज नागर, उत्तर प्रदेश एंपायरिंग कमेटी के चेयरमैन मनोज पुंडीर, डॉ. अरविंद डोगरा, मनोज त्यागी, धीरेन्द्र चौधरी, मोहित त्यागी, फूलचंद, दिनेश रैना, पवन शर्मा सहित सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी मौजूद थे। सभी ने राकेश मिश्रा को उपाध्यक्ष बनने पर फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह में उपस्थित लोगों ने राकेश मिश्रा की खिलाडिय़ों के लिए निष्ठा और खेल को बढ़ावा देने वाले योगदान की भी सराहना की। उनके नेतृत्व और दूरदर्शिता को खेल प्रेमियों ने प्रेरणादायक बताया। राकेश मिश्रा हमेशा से खेल और खिलाडिय़ों के विकास के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने गाजियाबाद से कई महान खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया। उन्होंने कहा कि मुझे यूपीसीए का उपाध्यक्ष बनने की जो जिम्मेदारी मिली है, मैं इसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाऊँगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट और खिलाडिय़ों के कौशल विकास के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। उनकी कार्यशैली, अनुभव और नेतृत्व क्षमता उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों और खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। राकेश मिश्रा का यह पद न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा।

15 साल का अनुभव और क्रिकेट में अतुलनीय योगदान
राकेश मिश्रा पिछले करीब 15 सालों तक गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में गाजियाबाद के कई खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। मिश्रा ने हमेशा से खिलाडिय़ों के विकास और खेल के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व ने गाजियाबाद को उत्तर प्रदेश के क्रिकेट मानचित्र पर महत्वपूर्ण स्थान दिलाया। राजनगर एक्सटेंशन में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की नींव रखने के साथ ही राकेश मिश्रा ने यह सुनिश्चित किया कि पश्चिम उत्तर प्रदेश का यह सबसे बड़ा स्टेडियम क्रिकेट खिलाडिय़ों के कौशल और प्रदेश में खेल के विकास में अहम भूमिका निभाए।

राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण
राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए करीब 33 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई थी। 2024 में तत्कालीन सांसद जनरल वीके सिंह ने मोरटी राजनगर एक्सटेंशन में चारदीवारी निर्माण का शिलान्यास किया था। निर्माण कार्य में कई बार बाधाएं आईं जैसे हाईटेंशन लाइन हटाना, रजिस्ट्री या फंड की कमी। अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) को स्टेडियम निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। यूपीसीए और जीडीए की संयुक्त देखरेख में यह परियोजना आगे बढ़ेगी। राकेश मिश्रा ने कहा कि अगले चार माह में स्टेडियम निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही जीडीए वाइस चेयरमैन से बैठक की जाएगी।

सार्वजनिक निजी भागीदारी से स्टेडियम का विकास
यूपीसीए और जीडीए जल्द ही स्टेडियम निर्माण के लिए एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर करेंगे। यह समझौता सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर होगा। मिश्रा का कहना है कि यह मॉडल स्टेडियम निर्माण और प्रबंधन में सफलता सुनिश्चित करेगा। स्टेडियम के निर्माण से न केवल गाजियाबाद, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के स्तर में सुधार होगा। खिलाडिय़ों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और उच्च गुणवत्ता वाले ग्राउंड उपलब्ध होंगे।

उत्तर प्रदेश और महिला क्रिकेट का विकास
राकेश मिश्रा ने यह भी बताया कि स्टेडियम में उत्तर प्रदेश महिला क्रिकेट टीम के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उनका कहना है कि महिला क्रिकेट खिलाडिय़ों का विकास और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करना उनकी प्राथमिकता है। इसके अलावा, प्रदेश के अन्य जिलों में खिलाडिय़ों के लिए आधुनिक ग्राउंड और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल का मौका मिलेगा।

वाराणसी और गाजियाबाद में क्रिकेट के सुनहरे अवसर
वाराणसी के गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का 2023 में प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास किया गया था और इसे 2026 तक पूरा करने की योजना है। गाजियाबाद का राजनगर स्टेडियम भी प्रदेश में क्रिकेट के नए आयाम स्थापित करने वाला है। राकेश मिश्रा का कहना है कि स्टेडियम में 30,000 से अधिक दर्शकों की क्षमता होगी और यह उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

राकेश मिश्रा
उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन

मुझे यूपीसीए का उपाध्यक्ष बनाकर जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह मेरे लिए गर्व और चुनौती दोनों है। मैं इसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाऊँगा। मेरा लक्ष्य उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना और खिलाडिय़ों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। राजनगर एक्सटेंशन में बनने वाला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम केवल एक इमारत नहीं, बल्कि खिलाडिय़ों के सपनों को साकार करने का मंच होगा। यहाँ युवा प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएँ और प्रशिक्षण मिलेगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें। महिला क्रिकेट को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। हमारी बेटियां देश के गौरव हैं और उन्हें खेलने, सीखने और आगे बढऩे के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मैं इस नई जिम्मेदारी को एक मिशन के रूप में देखता हूँ और राज्य के हर खिलाड़ी, युवा और महिला क्रिकेटर तक समान अवसर पहुँचाने का प्रयास करूंगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट को नई दिशा देने के लिए यह केवल शुरुआत है।
राकेश मिश्रा
उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन