हाईवे पर यातायात रोका, अफसरों से हाथा-पाई
पटना। बिहार के हाजीपुर में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अनाज न मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। खफा ग्रामीणों ने राज्य राजमार्ग पर यातायात बाधित कर जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पाकर कुछ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस बीच प्रदर्शनकारियों की अधिकारियों के साथ हाथा-पाई तक हो गई। पुलिस ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया। संबंधित विभाग ने अनाज की जल्द व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है। हाजीपुर सदर अनुमंडल के अंधरवाड़ा पंचायत क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत ग्रामीणों को अनाज का वितरण नहीं किया गया है। शिकायत करने पर संबंधित अधिकारियों ने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इससे ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने राज्य राजमार्ग पर यातायात बाधित कर हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना मिलने पर कुछ अधिकारी जब वहां पहुंचे तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें आड़े हाथों ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने इन अधिकारियों के साथ हाथा-पाई तक कर दी। ऐसे में पुलिस ने बड़ी मुश्किल से ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग और हाजीपुर एसडीएम ने पंचायत के सभी 5 डीलरों को बर्खास्त कर दिया है। इसके चलते अंधरवाड़ा पंचायत के ग्रामीणों को अनाज के लिए दूर के पंचायत जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत डीलरों को बर्खास्त करने हेतु जिस शिकायत को आधार बनाया गया था, वह शिकायत फर्जी है। कालाबाजारी से जुड़े सिंडिकेट को लाभ पहुंचाने के लिए अफसरों ने पूरे पंचायत में अनाज का वितरण बंद करा दिया और दूसरे पंचायत से अनाज लेने की व्यवस्था कर दी। उधर, हाजीपुर के मार्केटिंग अधिकारी कुंदन कुणाल का कहना है कि अंधरवाड़ा पंचायत में जल्द अनाज वितरण की व्यवस्था शुरू करा दी जाएगी। किसी को दूसरे पंचायत में जाने की जरूरत नहीं होगी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि व्यवस्था में सुधार न होने पर उन्हें आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
















