सीएम ग्रिड के 40 करोड़ की परियोजना का यूरिडा ने लिया जायजा

• उत्तर प्रदेश की अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी ने मोहन नगर जोन में निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का मूल्यांकन किया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर स्वरूप देने के लिए चल रही सीएम ग्रिड योजना के तहत 40 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार की अधीनस्थ एजेंसी यूरिडा (Urban Road Infrastructure Development Agency) की टीम ने गाजियाबाद के मोहन नगर जोन में औचक निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व कर रहे डिप्टी सीईओ ए.के. श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की गहन समीक्षा की। उनके साथ इंजीनियर अग्रिम गुप्ता और अद्वित जानी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीईओ ने कार्य की गति को असंतोषजनक बताया और ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि परियोजना तय समयसीमा के भीतर पूरी हो सके। निरीक्षण के दायरे में मोहन नगर बस स्टैंड से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन तक और एलिवेटेड रोड से शेषनाग द्वार तक के विभिन्न हिस्से शामिल थे।

इन स्थलों पर सड़क निर्माण, स्ट्रीट पोल, फुटपाथ और वॉल स्टोन जैसे कार्यों का मूल्यांकन किया गया। टीम ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि ये कार्य महापौर और नगर आयुक्त के निर्देशन में तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने टीम को बताया कि मौके पर वॉल स्टोन का कार्य प्रगति पर है और फुटपाथ के सैंपल भी टीम को दिखाए गए। निगम का उद्देश्य है कि गाजियाबाद की प्रमुख सड़कों को नया, आधुनिक और आकर्षक स्वरूप दिया जाए जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित, सुंदर और सुविधा संपन्न आवागमन का अनुभव हो। यूरिडा की टीम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को न केवल समय से पूरा किया जाए, बल्कि सभी सुरक्षा मानकों का भी पालन सुनिश्चित हो। इस निरीक्षण ने यह संकेत दिया कि अब गाजियाबाद में निर्माण परियोजनाओं की प्रगति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और पारदर्शिता तथा गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

गुणवत्ता और सौंदर्य – दोनों पर रहेगा फोकस
यूरिडा की टीम ने स्ट्रीट पोल, फुटपाथ, वॉल स्टोन जैसे विभिन्न कार्यों की गुणवत्ता की जांच की। मौके पर मौजूद मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने टीम को अवगत कराया कि ये सभी कार्य महापौर एवं नगर आयुक्त के दिशा-निर्देशों के अनुसार कराए जा रहे हैं। फुटपाथ के सैंपल और वॉल स्टोन का लाइव कार्य टीम को दिखाया गया।

शहर को मिलेगा स्मार्ट और सुंदर सड़कों का तोहफा
मुख्य अभियंता चौधरी ने बताया कि सीएम ग्रिड योजना के माध्यम से गाजियाबाद को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुरक्षित सड़कों से सुसज्जित किया जा रहा है। टीम ने सुरक्षा मानकों के पालन के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।