अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव : बेहद दिलचस्प मुकाबला

मतगणना जारी, ट्रंप और बाइडेन समर्थकों की बेचैनी बढ़ी

वॉशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। अब तक आए रूझानों में डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडेन के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला है। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे ट्रंप और बाइडेन समर्थकों के दिल की धड़कनें भी बढ़ती जा रही हैं। दोनों उम्मीदवारों में कांटे की टक्कर है। ऊंट किस करवट बैठेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना का काम 50 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। चुनाव मैदान में मौजूदा राष्ट्रपति और रिपब्लिक पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और पूर्व उप-राष्ट्रपति तथा डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रत्याशी जो बाइडेन हैं। अब तक की मतगणना के बाद बाइडेन को 220 तो ट्रंप को 213 इलेक्टोरल वोट पर जीत हांसिल हुई है। बहुमत के लिए 270 इलेक्टोरल वोट की जरूरत है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बाइडेन ने न्यू मैक्सिको, मासचूसेट्स, न्यू जर्सी व मैरीलैंड में जीत दर्ज की है। कनेक्टिकट, डेलावेयर, कोलोराडो के अलावा न्यू हैम्पशायर में उन्हें कामयाबी मिली है। जबकि फ्लोरिडा में डोनाल्ड ट्रंप ने बाजी मारी है। इसके अलावा अलबामा, मिसीसिपी, ओक्लाहोमा में भी ट्रंप विजयी रहे हैं। 6 स्विंग स्टेट यानी फ्लोरिडा, ओहायो, पेन्सेलवेनिया, मिशिगन, विस्कोनसिन और एरीज़ोना में अधिकांश राज्यों में ट्रंप बढ़त लिए हुए हैं। एरीज़ोना में बाइडेन आगे है, मगर पेन्सेलवेनिया, मिशिगन, विस्कोनसिन में ट्रंप ने बढ़त बना रखी है। इन राज्यों में जीत मिलने से चुनावी बाजी पलटने की पूरी संभावना है। उधर, रिपब्लिक उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव में धांधली होने का आरोप मढ़ा है। हालांकि उन्होंने कहा कि हम चुनाव में आगे चल रहे हैं। नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने पलटवार कर ट्वीट किया। ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि इस चुनाव में विजेता घोषित करने का काम मेरा या डोनाल्ड ट्रंप का नहीं हैं। यह मतदाताओं का अधिकार है।