दिल्ली के बाम्बे मामा से चंडीगढ़ व हरियाणा की शराब लाकर गाजियाबाद में करता था सप्लाई

गाजियाबाद। दिल्ली से गाजियाबाद में लाकर चंडीगढ़ व हरियाणा शराब की तस्करी करने वाले शातिर तस्कर को आबकारी विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर दिल्ली से शराब लाकर जनपद में शराब की दुकान बंद होने के बाद या फिर खुलने से पहले महंगे दामों बेचता था। दिल्ली में शराब की सप्लाई पकड़े गए आरोपी का मामा करता था। जो बाहर से शराब लाकर अपने भांजे को देता और वह गाजियाबाद में आकर तस्करी करता था। जनपद में अवैध शराब का नेटवर्क पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीम पूरी तरह से अलर्ट मोड़ है। बडे माफिया का सूपड़ा साफ करने के बाद अब धीरे-धीरे छोटे तस्करों पर भी अपना शिकंजा कस रहा है। जिसके लिए आबकारी विभाग का मुखबिर तंत्र भी सक्रिय नजर आ रहा है। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था। मगर जब उसमें कमाई कम हुई तो वह दिल्ली में अपने मामा बाम्बे के संपर्क में आया और फिर मामा से शराब लेकर लोनी क्षेत्र में बेचता था। जिसे पकडऩे के लिए आबकारी विभाग का मुखबिर तंत्र पिछले काफी समय से लगा हुआ था। रविवार को जैसे ही शराब लेकर वह लोनी बॉर्डर में बेचने के लिए पहुंचा, उसके कुछ देर बाद ही आबकारी विभाग की टीम ने दबोच लिया।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया अवैध शराब के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। साथ ही दिल्ली से सटे बॉर्डर पर भी आबकारी विभाग की टीम के साथ मुखबिर तंत्र को भी पूरी तरह से सक्रिय रहने के दिए गए है। जिससे बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को पूरी तरह से रोका जा सकें। रविवार देर शाम आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम द्वारा थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में दबिश दी गई। सूचना मिली कि खुशी वाटिका गड्डा में एक व्यक्ति खाली प्लाट में शराब तस्करी कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पहले एक सिपाही को सिविल वर्दी में शराब खरीदने के लिए तस्कर के पास भेजा गया। जैसे ही तस्कर से शराब का पव्वा मांगा गया तो वह रुपये हाथ में कुछ दूर छिपाकर प्लास्टिक के कट्टे में रखी शराब में से एक पव्वा लेकर आ गया। जिसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तस्कर की पहचान धर्मेंद्र पुत्र राजवीर निवासी ख़ुशी वाटिका गड्ढा के रुप में हुई है। जिसकी निशानदेही पर प्लास्टिक के कट्टे में छिपाकर रखी 34 पौव्वे टैंगो संतरा मसालेदार देसी शराब चंडीगढ़ मार्का और 40 पौव्वे मसालेदार देसी शराब संतरा रंगीला हरियाणा मार्का, कुल 74 पव्वे बरामद किए गए।

पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह दिल्ली में अपने मामा बाम्बे से शराब लाकर क्षेत्र में बेचता था। पिछले करीब दो माह से शराब तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर आरोपी के मामा को पकडऩे के लिए भी टीम कार्यवाही कर रही है। दरअसल बाम्बे ही बाहरी राज्यों से शराब लाता था और छोटे-छोटे तस्करों को बेचने के लिए देता था। तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। इसके अलावा टीम ने 250 ग्राम भांग समेत एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर भांग की तस्करी करता था। जिसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने बताया दिल्ली से शराब तस्करी रोकने के लिए टीम को भी चेकिंग करने के निर्देश दिए गए है।