यूपी-बिहार बॉर्डर पर 3 बम मिलने से हड़कंप

चुनाव के चलते सतर्क पुलिस को कामयाबी

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश-बिहार बॉर्डर पर बम और डेनोनेटर मिलने से हड़कंप मच गया। बिहार में आसन्न विधान सभा चुनाव के मद्देनजर सतर्क पुलिस ने 3 बम और डेटोनेटर बरामद किए हैं। इस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना चल रही है। हालांकि आरोपी ने दावा किया है कि कुछ युवकों से बदला लेने के लिए वह बम लेकर आया था। बिहार के कैमूर में पुलिस ने यह कार्रवाई की है। विधान सभा चुनाव के मद्देनजर रविवार की देर रात सघनल चैकिंग अभियान चलाया गया था। ऐसे में पुलिस ने उत्तर प्रदेश बॉर्डर से 3 बम और डेटोनेटर बरामद किए। मौके से गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उप्र और बिहार बॉर्डर पर पुलिस और एसएसबी के जवानों को मुस्तैद किया गया है। ऐसे में पुलिस ने संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए रोका। पुलिस ने आरोपी के थैले की तलाशी ली। तलाशी में बम और डेटोनेटर बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। दीपक ने पुलिस को बताया कि कुछ युवक उसे जबरन शराब के धंधे में धकेलने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर युवकों ने दीपक के साथ मारपीट की। इन युवकों से वह बदला लेना चाहता था। इसके चलते वह कैमूर जिला के नजदीक उप्र के वाराणसी में चंदौसी कोयला मंडी में जाकर काम करने लगा। कोयला मंडी में दीपक को यह बम मिले। युवकों से बदला लेने के लिए वह बम लेकर निकला था। उधर, कैमूर के पुलिस अधीक्षक दिलनवाज अहमद के मुताबिक बिहार विधान सभा चुनाव को ध्यान में रखकर बिहार-यूपी सीमा पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। उत्तर प्रदेश से कैमूर में आने वाले रास्ते पर चांद थाना पुलिस और एसएसबी के जवानों ने आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।