- देश को नंबर 1 बनाने के लिए पहले उत्तर प्रदेश और फिर अपने जनपद को नंबर 1 बनाना हमारी जिम्मेदारी: नरेंद्र कश्यप
- मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के संदेश का लाइव प्रसारण, जिलाधिकारी एवं विधायक हुए शामिल
- 25 विभागों की प्रदर्शनी में योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन, दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नुक्कड़ नाटक और लघु फिल्मों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, पुरस्कार देकर सम्मानित किए गए कलाकार और लाभार्थी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को नेहरूनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भव्य समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांंदड़ के नेतृत्व और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल के संचालन में सम्पन्न हुए कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी नरेंद्र कश्यप मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू सिवाच, सदर विधायक संजीव शर्मा, लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर और भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने समाज कल्याण, महिला कल्याण, सौर ऊर्जा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, शिक्षा, उद्योग, श्रम, कृषि, पशुपालन, दिव्यांग सशक्तिकरण, सहकारिता, आपूर्ति, खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण सहित कुल 25 विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान आयोजकों ने अतिथियों और गणमान्यों को प्रतीक चिन्ह एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे कलाकारों द्वारा गणेश वंदना और गंगा आरती से हुई।
इसके बाद विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नुक्कड़ नाटक, स्टोरी सांग और उत्तर प्रदेश की गौरवशाली गाथा पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने सराहा। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन शामिल थे। इस दौरान एनआरएलएम से 8, प्रधानमंत्री आवास योजना में 10, कृषि विभाग से 6, जिला उद्योग केन्द्र से 10, बाल विकास से 7, खादी ग्रामोद्योग से 5, श्रम विभाग से 5, जिला पूर्ति विभाग से 10, महिला कल्याण से 22, दिव्यांगजन से 4 सहित अन्य को सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश 24 जनवरी 1950 को अस्तित्व में आया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन बन चुका है।
उन्होंने अपील की कि देश को विश्व पटल पर नंबर-1 बनाने के लिए पहले प्रदेश और फिर जनपद को नंबर-1 बनाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने सभी को उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं दी। विधायक डॉ. मंजू सिवाच ने कहा कि वर्तमान सरकार में प्रदेश की महिलाएं और बेटियां सुरक्षित महसूस कर रही हैं। विधायक संजीव शर्मा ने जनपद के विकास की दिशा पर जोर दिया और नंद किशोर गुर्जर ने अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण की सराहना की। समारोह के अंत में राज्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कलाकारों, लाभार्थियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र, किट और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया। आयोजन में हजारों लोग मौजूद रहे और समारोह ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और भविष्य के संकल्प को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।


















