•नगर निगम के नवनियुक्त मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में गाजियाबाद नगर निगम प्रदेश में राजस्व वसूली में नंबर-1 बनेगा। नगर आयुक्त के कुशल नेतृत्व में निगम नित नए आयाम स्थापित कर रहा है । मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में गाजियाबाद नगर निगम की राजस्व वसूली में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। चालू वित्तीय वर्ष में 525 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह लक्ष्य न केवल पूरा होगा, बल्कि नगर निगम नए रिकॉर्ड भी स्थापित करेगा।मुख्य कर निर्धारण अधिकारी का चार्ज संभालने के बाद सुनील राय ने समस्त जोनल प्रभारियों, कर निर्धारण अधिकारियों और कर अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संपत्ति कर वसूली और यूजर चार्ज वसूली की विस्तृत समीक्षा की गई।
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम के नवनियुक्त मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में गाजियाबाद नगर निगम प्रदेश में राजस्व वसूली में नंबर-1 बनेगा। सुनील राय ने बताया कि नगर आयुक्त के कुशल नेतृत्व में निगम नित नए आयाम स्थापित कर रहा है और इसी दिशा में सभी अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में गाजियाबाद नगर निगम की राजस्व वसूली में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। दो वर्ष पूर्व जब नगर निगम की टैक्स वसूली लगभग 200 करोड़ रुपये के आसपास थी, वहीं पिछले वर्ष यह बढ़कर करीब 400 करोड़ रुपये हो गई। चालू वित्तीय वर्ष में 525 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में यह लक्ष्य न केवल पूरा होगा, बल्कि नगर निगम नए रिकॉर्ड भी स्थापित करेगा।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी का चार्ज संभालने के बाद सुनील राय ने समस्त जोनल प्रभारियों, कर निर्धारण अधिकारियों और कर अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संपत्ति कर वसूली और यूजर चार्ज वसूली की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को नगर आयुक्त की मंशा के अनुरूप टैक्स वसूली के काम में तेजी लाने और बकाया राशि वसूलने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के पद पर सुनील राय की नियुक्ति को निगम में टैक्स वसूली और नए राजस्व स्रोत खोजने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सुनील राय ने कहा कि वह नगर आयुक्त के नेतृत्व में न केवल वसूली बढ़ाने में, बल्कि निगम के लिए नए आय स्रोत स्थापित करने और उनके क्रियान्वयन में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सुनील राय ने 1995 में सरकारी सेवा ज्वाइन की। पहली तैनाती कर अधीक्षक के पद पर कानपुर में मिली। 2012 में उन्हें कर निर्धारण अधिकारी बनाया गया और वर्ष 2024 में उन्हें मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के पद पर प्रमोशन मिला। उन्होंने अलीगढ़, आजमगढ़, मथुरा, बलिया, गाजियाबाद, लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्य किया। बलिया में सुनील राय ने कर वसूली का नया रिकॉर्ड बनाया। वहां निर्धारित 31 करोड़ रुपये की डिमांड के मुकाबले उन्होंने केवल 8 महीने में 131 करोड़ रुपये की वसूली की। सुनील राय न केवल कर वसूली में बल्कि अतिक्रमण हटाने और सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के मामलों में भी उत्कृष्ट रहे हैं। कानपुर के तत्कालीन नगर आयुक्त विनोद शंकर चौबे और डीसी चंदौला उनके कामकाज से प्रभावित हुए और उन्हें अतिक्रमण हटाओ अभियान की पूरी जिम्मेदारी सौंपी।
उदय भूमि संवाददाता से बातचीत में सुनील राय ने कहा कि नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में गाजियाबाद नगर निगम भविष्य में प्रदेश का मॉडल बनेगा। उनके प्रयासों से नगर निगम के कर्मचारी और अधिकारी अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे। विक्रमादित्य सिंह मलिक के कुशल नेतृत्व, योजनाबद्ध कार्यप्रणाली और अनुशासन से नगर निगम को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। नगर निगम के राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में सुनील राय की नियुक्ति से नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। सुनील राय ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम जल्द ही प्रदेश में कर वसूली के क्षेत्र में उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

















