राहत : वीजा प्रतिबंध हटे, भारत आने की छूट

अनलॉक-5.0 में गृह मंत्रालय ने जारी किए आदेश

नई दिल्ली। भारत सरकार ने अनलॉक-5.0 में एक और ढील का ऐलान कर दिया है। सरकार ने वीजा प्रतिबंध को अधिकांश रूप से हटा दिया है। कोविड-19 (कोरोना वायरस) की रोकथाम के लिए कुछ माह पहले यह प्रतिबंध लगाया गया था। इलेक्ट्रॉनिक, पर्यटन और चिकित्सा श्रेणियों को छोड़कर सभी मौजूदा वीजा तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वीरवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। गृह मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि सरकार पर्यटक वीजा छोड़कर सभी ओसीआई, पीआईओ कार्डधारकों और अन्य विदेशी सिटीजंस को किसी भी मकसद से भारत आने की अनुमति देती है। वह अधिकृत हवाई अड्डों और सीपोर्ट इमिग्रेशन चेक पोस्ट के जरिए हवाई या जल मार्गों से देश में प्रवेश कर सकते हैं। इस दरम्यान विदेशों से आने वाले नागरिकों को क्वारंटाइन और कोविड-19 के संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की गाइड लाइन का पालन करना होगा। चिकित्सा उपचार के लिए भारत आने के इच्छुक विदेशी नागरिक मेडिकल वीजा हेतु मेडिकल अटेंडेंट सहित आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि कोविड-19 (कोरोना वायरस) का संक्रमण रोकने के लिए 25 मार्च 2020 को देशव्यापी लॉक डाउन लागू कर दिया गया था। लॉक डाउन के दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी हवाई यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। सरकार ने वीजा प्रतिबंध का आदेश जारी किया था। अनलॉक-5.0 में काफी ढील दी जा चुकी है। इसी क्रम में अब वीजा प्रतिबंध को हटाया गया है। इससे भारत आने के इच्छुक विदेशी नागरिकों को बड़ी राहत मिल गई है। उधर, हवाई अड्डों पर कोविड प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन होता रहेगा। वहां यात्रियों की स्क्रीनिंग आदि जारी रहेगी। हवाई सफर के दौरान यात्रियों को निर्धारित गाइड लाइन का पालन करना होगा।