विजन 2047: विकसित उत्तर प्रदेश के लिए हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक

-जनता की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश का सपना: रविन्द्र कुमार माँदड़

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का सपना अब केवल शासन-प्रशासन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे पूरा करने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है। विजन 2047 के अंतर्गत विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प तभी साकार होगा जब जनता स्वयं इसमें सक्रियता और उत्साह के साथ भागीदारी करेगी। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने रविवार को अपने संदेश में कहा कि सरकार की कोई भी योजना तभी सफल होती है, जब जनता उसे विश्वास और सहयोग से अपनाती है। विजन 2047 केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की आत्मा का संकल्प है। यह वह संकल्प है जिसके माध्यम से प्रदेश को न केवल भारत का सबसे समृद्ध और सशक्त राज्य बनाना है, बल्कि विश्व पटल पर विकास, तकनीकी शक्ति, औद्योगिक उन्नति और संस्कृति की धरोहर के रूप में स्थापित करना है। जिलाधिकारी ने कहा कि हम वह प्रदेश बनाएंगे जहाँ विकास की गंगा और परंपरा की यमुना साथ-साथ बहेंगी। उत्तर प्रदेश का हर नागरिक इस यात्रा का सहभागी बनकर इसे सफल बनाएगा।

जिलाधिकारी माँदड़ ने कहा कि विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश केवल एक नारा नहीं, बल्कि हम सबका साझा दायित्व है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने विचार और सुझाव साझा करें, ताकि शासन को नयी दिशा और नवाचार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि जनता के विचार ही सरकार को ऐसी योजनाएं बनाने के लिए प्रेरित करेंगे जो सीधे तौर पर प्रदेश को विकास की ओर अग्रसर करें। इसके लिए लोगों को चाहिए कि वे अपना मोबाइल फोन उठाएं, क्यूआर कोड स्कैन करें या https://samarthuttarpradesh.up.gov.in/ वेबसाइट पर जाकर अपने सुझाव दर्ज कराएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी योजना को सफल बनाने में जागरूकता सबसे बड़ी कुंजी है और जागरूकता के प्रसार में मीडिया की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे इस मुहिम का हिस्सा बनकर इसे अधिक से अधिक प्रचारित और प्रसारित करें, ताकि उत्तर प्रदेश का हर नागरिक इस जानकारी से जुड़ सके और अपने सुझाव देकर प्रदेश को विकसित बनाने की प्रक्रिया का अभिन्न अंग बन सके। उन्होंने कहा कि जनता और शासन-प्रशासन के बीच मीडिया एक मजबूत कड़ी है, जो किसी भी अभियान को व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप देने में सक्षम है। विजन 2047 के तहत जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब समय आ गया है कि हर नागरिक यह सोचकर आगे आए कि उसका योगदान प्रदेश के भविष्य को दिशा दे सकता है। हाथ से हाथ और मन से मन मिलाकर यदि हम इस मुहिम में शामिल होंगे तो उत्तर प्रदेश निश्चित रूप से देश ही नहीं बल्कि विश्व के मंच पर भी विकास का आदर्श बनकर उभरेगा।