Voter List Revision-2026 -मतदाता बनें जागरूक, गणना प्रपत्र अवश्य भरें: जिला निर्वाचन अधिकारी

-24 नवंबर को गाजियाबाद में विशेष अभियान, बीएलओ घर-घर जाकर करवाएंगे फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लोकतंत्र को मजबूत करने और मतदाता सूची को शुद्ध व पारदर्शी बनाने के लक्ष्य के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 का कार्य जिले में तेजी से संचालित हो रहा है। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश (27 अक्टूबर 2025) के अनुपालन में 24 नवंबर 2025 (सोमवार) को पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनसामान्य से सक्रिय सहयोग और भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्वाचक गणना प्रपत्र (फॉर्म) भरना हर मतदाता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, क्योंकि यह मतदाता सूची की शुद्धता को सुनिश्चित करता है।

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान गणना प्रपत्र भरना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है। हम चाहते हैं कि मतदाता सूची पूरी तरह से सटीक एवं त्रुटिरहित हो, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया निर्विघ्न रूप से संचालित हो सके। आप सभी सम्मानित मतदाताओं से अनुरोध है कि बीएलओ द्वारा दिए गए गणना प्रपत्र को सही-सही भरकर समय पर जमा करें। यदि कोई मतदाता फॉर्म जमा नहीं करता है, तो उसे अनुपस्थित श्रेणी में रखा जाएगा और उसके नाम के कटने की संभावना बढ़ जाएगी। यह फॉर्म आपके मतदाता के रूप में सत्यापन के लिए अनिवार्य है। इसलिए इस कार्य में लापरवाही न करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएँ।

बीएलओ घर-घर पहुंचकर करवाएंगे फॉर्म भरने में मदद
विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटाएंगे। गणना प्रपत्र भरवाने में सहायता करेंगे, पहले से भरे फॉर्म एकत्रित कर उन्हें डिजिटाइज भी करेंगे। यह कवायद यह सुनिश्चित करने के लिए है कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटे नहीं और कोई भी फर्जी या अनुपस्थित मतदाता सूची में शामिल न रहे।

फॉर्म न देने पर सूची से हट सकता है आपका नाम
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई मतदाता अपना गणना प्रपत्र बीएलओ को नहीं देता है तो उसे अनुपस्थित श्रेणी में मान लिया जाएगा, जिसके बाद उसका नाम मतदाता सूची से काटा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि फॉर्म भरने के लिए किसी भी प्रकार का दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। केवल फॉर्म को सही ढंग से भरकर बीएलओ को सौंपना पर्याप्त है। फॉर्म जमा करते समय, पावती अवश्य लें, यह आपका अधिकार है।

यह सिर्फ प्रक्रिया नहीं, लोकतंत्र में सहभागिता का आवश्यक चरण
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि यह कार्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र में आपकी प्रत्यक्ष भागीदारी है। इसमें लापरवाही न करें और अपने परिवार के हर योग्य सदस्य का फॉर्म अवश्य भरें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण पारदर्शी और विश्वसनीय चुनावों की पहली कड़ी है, और इसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

किसी भी समस्या पर करें कॉल- हेल्पलाइन 1950
फॉर्म भरने या बीएलओ से संपर्क में किसी भी कठिनाई की स्थिति में नागरिक टोल-फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन मतदाताओं की हर समस्या और शिकायत का समाधान प्रदान करती है। गणना प्रपत्र अवश्य भरें, बीएलओ को फॉर्म जमा कर पावती जरूर लें, दस्तावेज देने की जरूरत नहीं, 1950 पर कॉल कर मदद लें, अनुपस्थित की श्रेणी में आने से बचें।

पार्ट-135 की बीएलओ पूजा रानी ने किया 100′ डिजिटाइजेशन पूरा, मिली बधाई
विधानसभा क्षेत्र-56 के अंतर्गत पार्ट 135 की बीएलओ पूजा रानी ने अपने सभी फॉर्मों का 100 प्रतिशत वितरण व डिजिटाइजेशन पूरा कर जिले में मिसाल पेश की है। उनके उत्कृष्ट कार्य पर प्रशासन की ओर से उन्हें बधाई दी गई है।
एसआईआर-2025 पुरस्कार योजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में बीएलओ और पर्यवेक्षकों (सुपरवाइज़र) को सम्मानित किया जाएगा। वो पर्यवेक्षक, जो सबसे पहले अपने क्षेत्र के सभी बीएलओ के फॉर्म (वितरण व डिजिटाइजेशन) पूर्ण कराएंगे उनको 15,000 नकद, परिवार सहित दो दिन-दो रात होटल रेडिसन/कंट्री इन में प्रवास, और प्रशस्ति पत्र मिलेगा। वो बीएलओ, जो सबसे पहले अपने फॉर्म (वितरण व डिजिटाइजेशन) पूरे करेंगे उन्हें 10,000 नकद, परिवार सहित दो दिन-दो रात होटल प्रवास, और प्रशस्ति पत्र मिलेगा। इसके बाद शीर्ष 10 में स्थान पाने वाले बीएलओ को 5,000 नकद, परिवार सहित एक दिन-एक रात होटल प्रवास, और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।