मतदाता पुनरीक्षण अभियान को मिली तेजी, बीएलओ और निगम टीम ने बढ़ाया कदम

-तीन दिनों में पूरा करने का लक्ष्य, निगम और जोनल प्रभारी कर रहे निगरानी
-नगर आयुक्त की अपील: मतदाता समय पर फॉर्म भरें और लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करें

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) अभियान को गति देने के लिए गाजियाबाद नगर निगम पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतर आया है। अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में निगम की स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रत्येक घर-घर जा रही हैं और बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के सहयोग से मतदाताओं से एस.आई.आर. फॉर्म भरवाने एवं उन्हें संग्रहित करने का कार्य कर रही हैं। इस पहल का उद्देश्य मतदाता और बीएलओ के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को तेज़, प्रभावी और त्रुटिरहित बनाना है। नगर आयुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्रवार कार्य कर रही हैं, जिनका नेतृत्व विभागीय निरीक्षक और सफाई नायक कर रहे हैं। ये टीमें हर घर जाकर मतदाताओं को दिए गए फॉर्म वापस लेने और भरवाने का कार्य कर रही हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण में नगर निगम की ओर से लगभग 41 कर्मचारी बीएलओ के रूप में तैनात हैं, जबकि 150 से अधिक सफाई नायक सहयोगी भूमिका निभा रहे हैं। पूरे अभियान की निगरानी प्रभारी निर्वाचन अधिकारी डॉ. अनुज और वरिष्ठ प्रभारी निर्वाचन अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव द्वारा की जा रही है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप चल रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपना एस.आई.आर. फॉर्म भरकर अपने संबंधित बीएलओ या सफाई नायक को उपलब्ध कराएं, ताकि डिजिटलीकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो सके और आगामी चुनावी कार्यों में कोई बाधा न आए। नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी पांच जोन और इंदिरापुरम सहित अन्य क्षेत्रों में अभियान को तेज गति से चलाया जा रहा है। जोनल प्रभारी फॉर्म वितरण और संग्रह की प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

मोहन नगर जोनल प्रभारी सुशील प्रताप सिंह स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर बीएलओ से संपर्क कर रहे हैं और मतदाताओं को फॉर्म भरवाने में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं। नगर आयुक्त ने टीम को निर्देशित किया है कि अगले तीन दिनों के भीतर सभी एस.आई.आर. फॉर्म भरवाकर बीएलओ तक पहुंचा दिए जाएं, ताकि आगामी चरणों की तैयारी समय से पूरी की जा सके। इस अभियान की सफलता से न केवल मतदान प्रक्रिया को मजबूत किया जाएगा, बल्कि हर पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक अधिकारों से जोडऩे में भी मदद मिलेगी। प्रशासन की यह पहल पारदर्शी और समन्वित कार्यप्रणाली का उदाहरण है, जो भविष्य में मतदाता सूची को और अधिक सटीक और भरोसेमंद बनाएगी।