यूपी के दूसरे चरण की वोटिंग पूरी, 52.54 फीसदी हुआ मतदान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को दूसरे चरण का मतदान पूरा हो गया है। इन सीटों पर एनडीए, इंडिया गठबंधन और बसपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। चुनाव आयोग के मुताबिक यूपी की जिन आठ सीटों पर मतदान हुआ, उनमें अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा शामिल हैं। इन सीटों पर करीब एक करोड़ 67 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इनमें 90.11 लाख पुरुष, 77.38 लाख महिला और 787 अन्य वोटर्स थे। इस चरण के चुनाव के लिये कुल 7,797 मतदान केंद्र और 17,677 मतदान स्थल बनाये गए थे। वोटिंग सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चली। चुनाव आयोग भी इस बात से संतुष्ट है कि पहले चरण के मुकाबले ईवीएम गड़बड़ी की शिकायतें कम मिली हैं लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी मतदान नहीं बढऩा उनके लिए भी परेशानी का कारण है।

कम मतदान को एक तरफ गर्मी से जोड़ा जा रहा है तो दूसरी तरफ कुछ और भी कारण बताए जा रहे हैं। कुछ इलाकों में अलग अलग समस्याओं के कारण मतदान बहिष्कार की भी खबरें आई हैं। चुनाव आयोग के अनुसार पांच बजे तक यूपी की आठों लोकसभा सीटों पर 52.64 फीसदी वोट पड़े थे। पहले चरण में पांच बजे तक 57 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े थे। माना जा रहा है कि शाम छह बजे तक अभी कुछ बढ़ोतरी होगी। सबसे कम वोटिंग मथुरा में हुई है। यहां पांच बजे तक केवल 46.96 प्रतिशत लोगों ने ही वोटिंग की थी। अलीगढ़ में 54.36 प्रतिशत, अमरोहा में 61.89 फीसद, बागपत में 52.74 फीसद, बुलंदशहर में 54.34 फीसद, गौतमबुद्धनगर में 51.66 फीसद, गाजियाबाद में 48.21 फीसद और मेरठ में 54.62 फीसद मतदान हुआ था।

सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरु हुआ। दूसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभा चुके भाजपा के अरुण गोविल (मेरठ), अभिनेत्री हेमा मालिनी (मथुरा), पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेश शर्मा (गौतमबुद्ध नगर) और अतुल गर्ग (गाजियाबाद) शामिल हैं। इनके अलावा इनमें कांग्रेस के दानिश अली (अमरोहा), राष्ट्रीय लोक दल के राजकुमार सांगवान (बागपत) और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार व पूर्व सांसद बिजेन्द्र सिंह (अलीगढ़) का नाम भी शामिल है।