-हरियाणा शराब समेत महिला तस्कर गिरफ्तार, घर व दुकान के अंदर छिपा रखी थी हरियाणा की शराब
गाजियाबाद। अवैध शराब के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से हरियाणा मार्का की अवैध शराब बरामद किया गया। लोनी क्षेत्र दिल्ली सीमा से सटा होने के कारण तस्करों के लिए शराब तस्करी करना भी इतना आसान हो गया कि दिल्ली की सीमा से हरियाणा से शराब तस्करी कर लोनी क्षेत्र में तस्करी करते है और अगर पुलिस ने पकड़ा भी चाहे तो वह दिल्ली की सीमा क्षेत्र में जाकर छिप जाते है। पकड़ी गई महिला तस्कर भी शराब तस्करी का खेल पिछले कुछ समय से इसी तरह से खेल रही थी। सूत्रों का कहना है कि शराब तस्करी का मुखिया महिला का पति है। जो पहले क्षेत्र के लोगों से ही शराब तस्करी का कारोबार करता था, मगर जब आबकारी विभाग की टीम ने एक-एक कर उनके सभी गुर्गों को सलाखों के पीछे भेज दिया तो अपने कारोबार को चलाने के लिए अपनी ही पत्नी को इस धंधे में उतार दिया।
खुद जाकर हरियाणा से सस्ती शराब लेकर आता और उसे घर व दुकान में छिपा देता था। अगर किसी को शराब देना होता तो उसके लिए अपनी पत्नी का इस्तेमाल करता था। जब आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्कर को पकड़ा तो उससे पहले ही उसका पति मौका देखकर फरार हो गया। इसके साथ ही किसी को शक न हो इसके लिए घर के बाहर सेनेटरी की दुकान भी खोल रखी थी। जिससे देखकर सबको यह लगे कि सेनेटरी की दुकान से ही उसका घर का खर्च चल रहा है। लेकिन कमाई का असली जरिया शराब तस्करी के कारोबार से ही कर रहा था। मगर शराब तस्करों को जिले से खदेड़ने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने भी अपनी कार्रवाई का तरीका बदल दिया है। जिसमें शराब तस्करी की सोच से दस कदम आगे बढ़कर उनके क्षेत्र में घुसकर उनके ही क्षेत्र से खदेड़ने का काम किया जा रहा है। इसके लिए आबकारी विभाग की टीम ने दिल्ली से आने-जाने वाले सभी वाहनों की चेकिंग के साथ क्षेत्र में भी मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया है। जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे है।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जनपद गाजियाबाद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में दबिश देने के साथ चेकिंग कर रही है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें दिल्ली यूपी बॉर्डर के साथ डासना और दुहाई टोल टैक्स पर तीन शिफ्टों में 24 घंटे पहरा दे रही है। शनिवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि लोनी बॉर्डर क्षेत्र में एक व्यक्ति शराब तस्करी कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा, प्रवर्तन मेरठ इंस्पेक्टर हरेन्द्र क्रिशन और योगेश गुप्ता की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर के बताए गए स्थान पर दबिश देने पहुंची। सूचना की पुष्टि के लिए सिपाही को ग्राहक बनाकर शराब तस्कर के घर भेजा गया। जैसे ही सिपाही ने घर का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से महिला निकली। जब महिला ने सिपाही से रुपये लेकर घर के अंदर से शराब का पव्वा लाकर दिया, दूर खड़ी टीम ने मौके पर पहुंच कर घर की तलाशी लेने शुरु कर दी। तलाशी के दौरान घर और दुकान के अंदर छिपाकर रखे 208 पौव्वे चार्ली संतरा देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद किया गया। मौके पर महिला तस्कर लता पत्नी प्रमोद निवासी खसरा नंबर-63 -ब्लॉक ख़ुशी वाटिका खड्डा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में महिला तस्कर ने बताया कि उसका पति प्रमोद जबरन से उससे शराब तस्करी का कारोबार कराता था। विरोध करने पर मारपीट व घर से निकालने की धमकी देता था। पहले तो क्षेत्र के लोगों से ही शराब तस्करी करता था, लेकिन वह सब जेल चले गए तो अपने धंधे को चलाने के लिए उसका इस्तेमाल करने लगा। उन्होंने बताया महिला के साथ थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में उसके पति प्रमोद के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। प्रमोद तस्कर शातिर किस्म का है, जो कि दिल्ली के रास्ते हरियाणा से शराब लाकर लोनी क्षेत्र में दुकानें बंद होने के बाद बेचता था। पहले अपने क्षेत्र के लोगों से अब पत्नी से शराब तस्करी करा रहा था। शराब तस्करी के धंधे को छिपाने के लिए घर के बाहर एक सेनेटरी दुकान को खोला हुआ था। जिसकी आड़ में शराब तस्करी का धंधा चला रहा था। जब भी टीम दबिश देने पहुंच जाती तो उससे पहले वह मौके से फरार हो जाता था। शराब तस्कर के सभी नेटवर्क को तोडऩे के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है। शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।















