रात के अंधेरे में झुग्गी के पास बेच रहा था यूपी की शराब, गिरफ्तार

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जिले में चोरी छिपे अवैध रूप से शराब तस्करी करने वाले तस्करों का संगठित नेटवर्क को तोडऩे के लिए आबकारी विभाग की टीम ने रात्रि अभियान के तहत अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कार्रवाई के तहत शराब तस्करों की कमर भी तोड़ी जा रही है। दिन के साथ रात मेंं आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में निकल कर शराब कि दुकानों की चेकिंग के साथ-साथ शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इन सबके बीच में अभी तक शराब तस्करी के मामले में जेल गए तस्करों के घरों पर भी आबकारी विभाग की टीम लगातार दबिश दे रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया शराब तस्कर झुग्गी-झोपड़ी में रहकर उसके आसपास के लोगों को अवैध रूप से शराब तस्करी करता था।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई के साथ शराब तस्करों के ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। शनिवार रात को आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना कासना की संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान आई 62 झुग्गी के पास से अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहे प्रमोद कुमार पुत्र हरवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से 45 पोवे ट्विन टावर देशी शराब यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानें से ही शराब खरीद कर उक्त शराब को झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले आसपास के लोगों को महंगे दामों में बेचता था। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।