-शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग ने छेड़ा अभियान
-दुकानों से शराब खरीद कर बेचने वाले तस्करों पर रहेगी पैनी नजर
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीद कर अवैध रुप से बेचने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ने एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर लाइसेंसी शराब की दुकान से शराब खरीद कर उक्त शराब को दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए आबकारी विभाग की टीम पिछले काफी दिनों से प्रयासरत थी। दरअसल पकड़े गए तस्कर की सूचना आबकारी विभाग के मुखबिर तंत्र को थी। मगर वीडियो वायरल होने के बाद तस्कर फरार हो गया। मगर जैसे ही मामला शांत हुआ फिर से शराब तस्करी करने लगा। आबकारी विभाग ने इस बार तस्कर को पकडऩे के लिए अपनी पहले ही फिल्डिग़ लगा रखी थी। जैसे ही तस्कर ने दुकान से शराब खरीद कर बेचना शुरू किया, कुछ देर बाद ही आबकारी विभाग की टीम ने दबोच लिया। पकड़ा गया तस्कर होटल के पास खड़ा होकर शराब तस्करी करता था।
होटल पर जब कोई खाना खाने के लिए आता तो उन्हीं ग्राहकों को रात में महंगे दामों में शराब बेचता था। जिले में अवैध रुप से शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपनी नई रणनीति तैयार की है। अब शराब की दुकान से अधिक मात्रा में शराब खरीदने वाले हो या फिर बार-बार शराब खरीदने वाले व्यक्ति की निगरानी के लिए अपने मुखबिर तंत्र के साथ शराब विक्रेताओं को भी अपनी कार्रवाई में शामिल कर लिया है। दुकान से शराब खरीद कर पीना अपराध नहीं है, मगर उसी शराब को बेचते हुए पकड़े गए तो जेल की हवा खानी पड़ेगी। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। रविवार रात को आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और बीटा-2 थाना की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान शर्मा होटल नट की मढ़ैयां के पास अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे कुंदन पुत्र सतीश निवासी नट की मढ़ैया को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से ट्विन टावर ब्रांड देशी शराब के 45 पौवे यूपी मार्का बरामद किया गया। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।
दुकान बंद होने के बाद भी सड़कों पर रहेगी आबकारी विभाग की टीम
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया शराब तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए रात में लाइसेंसी दुकाने बंद होने के बाद भी आबकारी विभाग की टीमें फील्ड में रहेगी। जो कि दुकानों की सतत निगरानी रखेंगी। कहीं ऐसा तो नहीं दुकान बंद होने के बाद भी कोई विक्रेता शराब बेच रहा है की नहीं। इसी के साथ रात्रि चेकिंग में अवैध रुप से शराब बेचने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। जिसके लिए सभी आबकारी निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए है कि रात में दुकान बंद होने के बाद भी अभियान चलाकर चेकिंग एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी जाए। खासतौर पर सड़क किनारे चलने वाले ढाबों पर निगरानी बढ़ाई जाए। क्योंकि अक्सर ढाबा संचालक दिन में ही शराब की दुकानों से शराब खरीद लेते है और रात में खाना खाने के लिए आने वाले ग्राहकों को शराब पिलाने के साथ शराब भी बेचते है। बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराना और शराब बिक्री करते हुए अगर कोई भी ढाबा संचालक हो या फिर होटल मालिक उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आबकारी अधिकारी की सख्ती के बाद आबकारी विभाग की टीमें सड़कों पर उतर कर चेकिंग एवं दबिश दे रही है।















