जल ही जीवन है, जल संरक्षण करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी: धर्मेंद्र सिंह

-जल शक्ति अभियान कैच द रैन-2024 की बैठक में वाटर लेवल का बोर्ड एवं पंप का विवरण लगाने के निर्देश

गाजियाबाद। जल ही जीवन है, जल संरक्षण करना हमारी अहम जिम्मेदारियों में से एक हैं। यह बातें शुक्रवार को भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं केंद्रीय नोडल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कही। शुक्रवार को संयुक्त सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह ने विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु गौतम आदि अधिकारियों के साथ जल शक्ति अभियान कैच द रैन-2024 की बैठक की। बैठक में केंद्रीय नोडल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल शक्ति अभियान में महिलाओं एवं बच्चों की भागेदारी को बढ़ाया जाए।

तकनीकि अधिकारी द्वारा पूरे जनपद में एक्यूफर मैपिंग एवं पानी की टंकी के पास वाटर लेवल का बोर्ड एवं पंप का विवरण लगाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में केंद्रीय नोडल अधिकारी ने सीडीओ, सहायक अभियंता एवं अन्य विभाग के अधिकारियों द्वारा जल शक्ति अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने भविष्य में इसी प्रकार कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित भी किया। जल शक्ति केंद्र गाजियाबाद को मॉडल जल शक्ति केंद्र के रूप में बनाया जाए। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने उक्त कार्यों को किए जाने के लिए आश्वस्त किया।

केंद्रीय नोडल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अभियान से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए कहा कि जल ही जीवन है, जल संरक्षण करना हमारी अहम जिम्मेदारियों में से एक हैं।इसलिए संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय बनाते हुए जनपद के भू-जल स्तर को बढ़ाने एवं मानसून सत्र के दौरान वर्षा जल को संचयन करने के लिए जल शक्ति अभियान कैच द रेन के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करें।