-नगर आयुक्त ने विजयनगर की जलापूर्ति की समस्या का कराया तत्काल समाधान
-ग्रीष्म के दौरान अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
-शहर को शुद्ध पेयजल आपूर्ति कराना जलकल विभाग की पहली प्राथमिकता: विक्रमादित्य सिंह मलिक
गाजियाबाद। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या सामने आने लगती है। घरों के नलों सूख जाते हैं। इस समस्या के निदान में नगर निगम काम कर रहा है। मई व जून में पानी की समस्या समस्या गंभीर हो जाती है। आलम यह होता है कि लोग पानी के लिए सड़क पर उतर कर पसीना बहाते नजर आते हैं। नगर निगम के विजयनगर जोन क्षेत्र के कई वार्डों में पानी आपूर्ति की समस्या अब दूर हो सकेगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर विजय नगर क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्या का समाधान कराते हुए जलकल विभाग ने नए 10 पंप सेट लगाए है। नगर आयुक्त ने ग्रीष्म के दौरान पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए जलकल विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं। शहरवासियों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति कराना जलकल विभाग की पहली प्राथमिकता है। दरअसल,विजयनगर जोन क्षेत्र में पानी की आपूर्ति को लेकर पार्षदों एवं स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी। नगर आयुक्त ने इसका संज्ञान लेते हुए जलकल विभाग के महाप्रबंधक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जलकल विभाग के सहायक अभियंता आस कुमार ने मौके पर जाकर समस्याओं के निस्तारण के लिए निरीक्षण किया। पानी की आपूर्ति के लिए 10 नए पंप सेट लगवाए। वहीं,खराब नलकूप को ठीक कराकर जल आपूर्ति कराई जा रही है। राकवेल पंप एंड सेट प्राइवेट लिमिटेड फर्म द्वारा नलकूपों को चालू करने का कार्य कराया जा रहा है। विजयनगर क्षेत्र के वार्ड-3 पुराना विजयनगर आंबेडकर नगर में गंदे पानी से निजात दिलाई गई। जलकल विभाग के सहायक अभियंता आस कुमार एवं अवर अभियंता शीशमणि यादव को विजय नगर क्षेत्र में मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। वार्ड-26 भूड़ भारत नगर,गऊपुरी में नई मोटर लगाकर जलापूर्ति शुरू की गई।
ऐसे ही वार्ड-58 शिवपुरी,वार्ड-25 शंकरपुरी, वार्ड-58 मवई,वार्ड-55 ए ब्लॉक प्रताप विहार,वार्ड-15 चरण सिंह कॉलोनी प्रताप विहार,वार्ड-3 आंबेडकर भवन,वार्ड-1 भीम नगर,वार्ड-23 कैलाश नगर क्षेत्र में जलकल विभाग द्वारा जल आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए दो दिन के अंदर करने की योजना बनाई है। वर्तमान में नलकूप से पानी की सप्लाई की जा रही हैं। नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सुदृढ़ की जाए। इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाए। इसमें अगर संबंधित फर्म द्वारा कार्य में देरी और लापरवाही मिलने पर फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के भी निर्देश दिए हैं।


















