-नगर आयुक्त ने ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड प्रोजेक्ट की प्रगति को लेकर की बैठक
-ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड प्रोजेक्ट, 37 दिनों में 40 एमएलडी का टीएसटीपी प्लांट होगा शुरू
गाजियाबाद। ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड प्रोजेक्ट की प्रगति को लेकर शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में 22 सितंबर तक 1445 औद्योगिक इकाइयों तक जलापूर्ति करने का निर्णय लेते हुए आवश्यक शेष कामों में रफ्तार लाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनिंद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, कार्यदाई संस्था गाजियाबाद वॉटर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की टीम और वाबेग कंपनी के पदाधिकारी, अग्नि मोहती प्रोजेक्ट मैनेजर, वाबेग, ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड सलाहकार अनुराग, प्रोजेक्ट के तकनीकी सलाहकार तरुण राज उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने बताया ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड के अंतर्गत 40 एमएलडी प्लांट के निर्माण के लिए चल रहे कार्यों को रफ्तार देने की जरूरत है।
साहिबाबाद औद्योगिक इकाइयों को शीघ्र ही जलापूर्ति हो इसके लिए कार्य योजना बनाकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। आगामी 22 सितंबर तक कार्य को पूरा किया जाए। टीएसटीपी की भौतिक प्रगति के क्रम में लगभग 92 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसमें प्लांट के अंतर्गत आर ओ सिस्टम और अल्ट्रा फिल्ट्रेशन का कार्य भी 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। 25 लाख लीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक जिसका कार्य भी 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, प्रेजेंटेशन के आधार पर पूरे प्रोजेक्ट का कार्य 92 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है आगामी माह सितंबर में कार्य को सफलतापूर्वक संचालन की स्थिति में लाया जाए कार्य योजना बनाई गई।
जिसके क्रम में सभी कार्य पूर्ण किए जाएंगे। साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र की 1445 इकाइयों द्वारा औद्योगिक जल का उपयोग किया जाएगा। जिससे भूगर्भित जल का बचाव होगा, पर्यावरण हित होगा तथा निगम की आय भी बढ़ेगी। नगर आयुक्त द्वारा रोड रेस्टोरेशन के कार्य पर भी प्रगति देखी गई। जिसमें 16 किलोमीटर में से 6 किलोमीटर कार्य शेष है, जिसको 10 दिन के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को भी कार्यदायी संस्था के साथ योजना बनाते हुए 37 दिन के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

















