-कामकाज में तेजी लाने को विभागों का पुनर्गठन
-स्वच्छता, सर्किल और भवन प्रकोष्ठ में नई जिम्मेदारियां तय
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा सीईओ कृष्णा करुणेश अथॉरिटी के कामकाज में सुधार के लिए तमाम बड़े फैसले ले रहे हैं। उन फैसलों का असर भी दिखने लगा है। पिछले दिनों पब्लिक हेल्थ और नोएडा ट्रैफिक सेल को खत्म करने व वर्क सर्कल की जिम्मेदारियों में बदलाव के बाद अब अन्य विभागों में भी बदलाव जारी है। कई विभागों में अधिकारियों व स्टाफ की जिम्मेदारी बदल दी गई हैं।
नोएडा अथॉरिटी ने वैभव नागर और दीपक कुमार समेत कई अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं। संजीव कुमार बेदी को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। अतुल सिंह को घर-घर कूड़ा संग्रहण और संयंत्र संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। रजनीश कुमार को सर्कल-8 का दायित्व दिया गया है। उमेश कुमार शर्मा और अजय कुमार यादव को भी नई जिम्मेदारी दी गई। पवन बर्नवाल को अलग विभाग में जिम्मेदारी दी गई है। प्राधिकरण ने भवन प्रकोष्ठ में भी अहम बदलाव किए हैं। विनय कुमार, प्रेम चंद और प्रदीप साहू को भवन प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शशांक सिंह को विद्युत व्यवस्था से जुड़े ऑडिट का दायित्व दिया गया है, जिससे बिजली से संबंधित कार्यों की समीक्षा और निगरानी मजबूत होगी।
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने प्रशासनिक बदलावों पर कहा कि प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से विभागीय स्तर पर जिम्मेदारियों का पुनर्गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को उसकी क्षमता और अनुभव के अनुरूप दायित्व सौंपा गया है, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था, सर्किल प्रबंधन, भवन प्रकोष्ठ और विद्युत ऑडिट जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उनका कहना था कि घर-घर कूड़ा संग्रहण और संयंत्र संचालन को प्रभावी बनाना प्राथमिकता में है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत हो सके। कृष्णा करुणेश ने कहा कि प्राधिकरण में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोपरि है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।
















