दिल्ली-एनसीआर में भी सर्दी का प्रकोप
नई दिल्ली। समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर में भी हालत खराब हो रही है। शीतलहर के कारण वीरवार को भी सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। ठंड से बचने को नागरिक दिनभर जतन करते दिखाई दिए। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में शीत लहर और कड़ाके की ठंड का प्रकोप चरम पर है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ठंड की मार अगले शुक्रवार तक सहनी पड़ेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में ठंड के साथ कोहरा भी दस्तक देगा। इसी प्रकार पश्चिमी हिमालय से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। जबकि अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने इस संबंध में ट्वीट भी किया है। ट्वीट में कहा गया है कि पश्चिम राजस्थान में शीत लहर की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। उधर, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर से ठंड का ज्यादा अहसास हो रहा है। पूर्वी राजस्थान के सीकर में आज न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह-शाम घने कोहरे की वजह से सड़कों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। शीत लहर चलने से सामान्य जनजीवन ठिठुरने को मजबूर है। मौसम विभाग ने कुछ समय पहले यह घोषणा की थी कि पिछले साल की अपेक्षा इस साल ज्यादा ठंड पड़ेगी। पिछले 2-3 दिन से बढ़ती ठंड और कोहरे ने हालत खराब कर रखी है। ठंड से बचने को नागरिकों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। उधर, जानलेवा सर्दी के बावजूद दिल्ली में किसान आंदोलन जारी है। ठंड के कारण कई किसानों की मौत भी हो चुकी है।
















