पश्चिम बंगाल : भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ता भिड़े

शुभेंदु अधिकारी की रैली से पहले तोड़-फोड़ 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी की रैली से पहले भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं में टकराव हो गया। कुछ हुड़दंगियों ने बसों में तोड़-फोड़ तक कर दी। सूचना पाकर पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस ने हुड़दंगियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। इससे पहले वहां सियासी तनातनी जोरों पर चल रही है। भाजपा और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में आए दिन तीखी झड़प हो रही है। कुछ दिन पहले टीएमसी छोड़कर भाजपा में आए शुभेंदु अधिकारी की नंदीग्राम में रैली होनी है। बताया गया है कि शुभेंदु अधिकारी के समर्थक जब रैली स्थल की तरफ जा रहे थे, तब बसों में तोडफ़ोड़ कर दी गई। इससे एकाएक भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति पर काबू पाया। नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी द्वारा आज रोड शो निकाला जा रहा है। इसके बाद उन्हें रैली को संबोधित करना है। भाजपा में आने के के बाद नंदीग्राम क्षेत्र में शुभेंदु की यह पहली सभा है। इसके लिए कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। बता दें कि पूर्वी मिदनापुर में पिछले सप्ताह हिंसा हो गई थी। वहां भी शुभेंदु अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस के समर्थक आमने-सामने आ गए थे। दरअसल टीएमसी के समर्थकों में शुभेंदु अधिकारी के प्रति गुस्सा निरंतर बढ़ रहा है। शुभेंदु ने पहले खुद टीएमसी छोड़ी और उसके बाद टीएमसी के कई विधायक, नेता भी उनके साथ भाजपा में आ गए हैं। पश्चिम बंगाल में अगले साल मई में विधान सभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा और टीएमसी के बीच राजनीतिक जंग बढ़ रही है। मिशन बंगाल के मद्देनजर कुछ समय पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल का दौरा किया था। गृह मंत्री शाह के दौरे के समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी रहे शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा में आने का ऐलान कर दिया था।