समस्या चाहे छोटी हो या बड़ी, हर नागरिक को मिलेगा न्याय और समाधान: दीपक मीणा

-जिलाधिकारी ने की जन सुनवाई, नागरिकों की समस्याओं को सुना और दिए समाधान के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में शुक्रवार को आम नागरिकों की समस्याओं को सुनने हेतु जनसुनवाई का आयोजन किया। इस जन संवाद में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक मुद्दों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। दीपक मीणा ने प्रत्येक व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन सुनवाई केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की कड़ी है।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हर वास्तविक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सन्तोष कुमार उपाध्याय भी उपस्थित रहे, जिन्होंने अनेक शिकायतकर्ताओं से मौके पर संवाद कर त्वरित कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, तत्परता और उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता के विश्वास को बनाए रखना और उसे मजबूत करना है।