– मकान पर अवैध कब्जे को लेकर हुआ विवाद। महिला का आरोप पार्षद पति ने दबंगई दिखाकर बेघर करने का किया प्रयास, पार्षद पति बोले महिला ने की बदसलूकी मकान पर कर रखा है अवैध कब्जा
– नगर निगम के वार्ड नंबर-68 की घटना, गाजियाबाद में खूब हुई वीडियो वायरल, पुलिस ने किया हस्तक्षेप, दोनों पक्षों को लेकर गई थाने
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। सोमवार को भाजपा महिला पार्षद के पति की पिटाई से संबंधित दो विडियों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। एक वीडियों में महिला और पार्षद पति में कहासुनी होने के बाद महिला पार्षद पति पर टूट पड़ती है। दूसरे वीडियों में पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं और इस वीडियो में महिला पार्षद पति को खूब खरी-खोटी सुना रही है। वीडियो की तहकीकात में यह पता चला कि मामला ट्रांस हिंडन क्षेत्र के बृजविहार क्षेत्र से संबंधित है और मकान पर कब्जे को लेकर हुए विवाद का है। वीडियो नगर निगम के वार्ड-68 की भाजपा पार्षद पूनम त्यागी के पति अजय त्यागी और एक महिला के बीच मारपीट का है।
वीडियों में अपशब्दों का प्रयोग खूब किया गया है। महिला का आरोप है कि पार्षद पति उनका मकान खाली कराने के लिए आये थे। पार्षद पति ने उनके साथ बदसलूकी की और धमकी दी है। महिला ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से भी की है।
सूर्य नगर क्षेत्र के डेल्टा कॉलोनी में राधाकुंज कॉलोनी में एक महिला पिछले डेढ़ वर्ष से रह रही है। महिला का कहना है कि उसने यह मकान खरीदा है। महिला ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके यहां पार्षद पति अजय त्यागी आये थे और मकान खाली करने का अल्टीमेटम देकर चले गये थे। सोमवार को कुछ दबंग लोगों को साथ लेकर वह फिर आ धमके और बदसलूकी करने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि पार्षद पति और उनके समर्थक जबरन उनके घर में घुस आये। पार्षद पति ने मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए अपशब्द कहे।
जिसके बाद मुझे गुस्सा आया। महिला का कहना है कि उसने मकान खरीद रखा है और उनके पास पॉवर ऑफ अटर्नी है। सोमवार को महिला और पार्षद पति के बीच घमासान हुआ। पहले तो दोनों के बीच कहासुनी हुई। जिसके बाद विवाद बढ़ गया और महिला उग्र होकर पार्षद पति पर झपट पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव करते हुए दोनों को अलग किया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को चौकी पर ले गई।
महिला के आरोप
महिला का आरोप है कि उसके पास मकान की पॉवर ऑफ अटॉनी है। लेकिन ये बात कोई नहीं सुन रहा है। पार्षद के पति उसके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। इसके लिए वह लगातार दवाब बना रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पार्षद पति और महिला के बीच पहले कहासुनी, गाली-गलौच और फिर धक्का-मुक्की हुई। इसका वीडियो पूरे शहर में वायरल हो गया।
क्या बोले पार्षद पति
पार्षद पति अजय त्यागी ने घटना को दुखद बताया है। पार्षद पति का कहना है कि महिला होने के कारण तत्काल उसकी
बदतमीजी को बर्दाश्त कर लिया। लेकिन मैंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दे दी है और इस मामले में पुलिस कार्रवाई करेगी। जहां तक मकान पर कब्जे का संबंध है तो महिला यह बताने को तैयार नहीं है कि उसने किससे मकान खरीदा। जिस व्यक्ति के मकान पर महिला ने कब्जा कर लिया है वह मेरे जानकार हैं । महिला ने मकान पर जबरन कब्जा कर रखा है।















