खेत में निर्वस्त्र हालत में शव मिलने से सनसनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर अपराधों की आफत टूटने का सिलसिला रूक नहीं रहा है। गृह मंत्रालय के सख्त तेवरों के बावजूद देश के सबसे बड़े राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों का क्रम बदस्तूर जारी है। अब बांदा जनपद में महिला का शव निर्वस्त्र हालत में मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका के साथ हैवानियत की हदें पार कर दी गईं। शरीर पर चोट के निशान होने के अलावा आंख भी निकाल ली गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जनपद के बदौसा थाना क्षेत्र में यह घटना प्रकाश में आई है। थाना क्षेत्र के बंगालिपुरा गांव में सोमवार की सुबह महिला का शव खेत में पड़ा मिला। 27 वर्षीय महिला के शरीर पर चोट के निशान थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतका की आंख भी निकाल ली गई थी। घटनास्थल पर पुलिस के आने से पहले काफी भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी महेंद्र प्रताप ने बताया कि महिला की हत्या की गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांचोपरांत पाया गया कि महिला का शव उसके घर से 500 मीटर की दूरी पर खेत में पड़ा था। प्रारंभिक जांच में ग्रामीणों से मालूम पड़ा कि महिला का सास से विवाद चल रहा था। वारदात के बाद से पति भी फरार है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच चल रही है। पुलिस ने घरेलू विवाद में महिला की हत्या होने की आशंका जाहिर की है। वहीं, हाथरस, बलरामपुर, आजमगढ़ और बुलंदशहर के बाद अब बांदा में महिला के साथ हैवानियत की घटना प्रकाश में आने से कानून व्यवस्था पर फिर सवाल उठ रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर योगी सरकार पहले ही विपक्षी दलों के निशाने पर है। गृह मंत्रालय ने भी हाल ही में महिला सुरक्षा के लिए गाइड लाइन जारी की हैं।
















