-मोदीनगर थाने के वार्षिक निरीक्षण में एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश, जागरूकता अभियानों और त्वरित निस्तारण पर जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महिला सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और थानों में रखे शस्त्रों व अभिलेखों की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। यह स्पष्ट निर्देश गुरुवार को एडिशनल पुलिस कमिश्नर (मुख्यालय एवं अपराध) केशव कुमार चौधरी ने मोदीनगर थाना के वार्षिक निरीक्षण के दौरान दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी को महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर नियमित कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश भी दिए। एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव चौधरी ने एसीपी अमित सक्सेना और थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद प्रकाश मिश्रा के साथ थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था और चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र के अभिलेखों का अवलोकन करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें सुरक्षा को लेकर जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान साइबर हेल्पडेस्क की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने साइबर फ्रॉड के मामलों में की गई कार्रवाई का ब्योरा लेते हुए निर्देश दिए कि आमजन को साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और इन कार्यक्रमों की तिथि पूर्व निर्धारित कर संबंधित लोगों को समय से अवगत कराया जाए। उन्होंने थाना कार्यालय में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, मालखाने में रखे माल और शस्त्रों की सही व्यवस्था तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
थाने में दाखिल वाहनों के जल्द निस्तारण के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सीसीटीवी मॉनिटरिंग, शिकायत निस्तारण प्रणाली, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने रात्रि गश्त, बीट प्रणाली और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए पुलिसकर्मियों से आमजन के साथ संवेदनशील और शालीन व्यवहार बनाए रखने की अपील की। निरीक्षण के अंत में उन्होंने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
















