नई सरकार के लिए कसरत, सियासी सरगर्मी तेज

पूर्व सीएम मांझी ने नीतीश कुमार से मुलाकात की

पटना। बिहार में नई सरकार के गठन के लिए कसरत शुरू हो गई है। राजधानी पटना में सियासी सरगर्मी एकाएक तेज होती दिखाई दे रही है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। उन्हें अपना समर्थना पत्र सौंपा गया। मांझी ने नीतीश के नेतृत्व में आस्था प्रकट की है। बिहार में विधान सभा चुनाव के नतीजे आने के बाद अब नई सरकार के गठन के लिए प्रयास आरंभ कर दिए गए हैं। चुनाव में एनडीए को पूर्ण बहुमत मिला है। 125 सीटों के साथ एनडीए एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में सत्ता संभालने को तैयार है। 110 सीटें मिलने के कारण महागठबंधन को सत्ता से दूर रहना पड़ेगा। बिहार में सियासी सरगर्मी के मध्य पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की बैठक बुलाई गई है। आवाम मोर्चा के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करने के बाद जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान मांझी के साथ उनकी पार्टी के चारों विधायक भी मौजूद रहे। मांझी ने नीतीश को अपना समर्थन पत्र सौंपा। उधर, महागठबंधन भी चिंतन-मनन करने में लगा है। महागठबंधन के सभी घटक दल कांग्रेस और राजद के विधायकों की बैठक पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर बुलाई गई। बैठक में राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह, बिहार प्रभारी सचिव विरेंद्र सिंह राठौर भी शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक पटना में सदाकत आश्रम में बुलाई गई। इस बैठक में विधायकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ मंत्रणा की। पटना में वीरवार की सुबह सबसे पहले राजद के विधायकों ने बैठक की। इस बैठक में तेजस्वी यादव को विधायक दल का नेता चुनने पर विचार-विमर्श किया गया। इसका जल्द ऐलान होने की संभावना है।