विश्व स्वास्थ्य दिवस: रोज बेल पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विजय नगर स्थित रोज बेल पब्लिक स्कूल में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर रविवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 5 से 12 तक के विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। यह कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के महत्व को समझाने और जागरूक करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास भी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 5 और 6 के छात्रों द्वारा योग मुद्राओं के प्रदर्शन और स्वास्थ्य संबंधी पोस्टरों की प्रस्तुति से हुई। इन नन्हें विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक पोस्टरों और सरल योग मुद्राओं से यह संदेश दिया कि स्वास्थ्य ही असली धन है।

इसके पश्चात कक्षा 7 और 8 के छात्रों ने पोषक तत्वों के स्रोतों पर आकर्षक और जानकारीपूर्ण पोस्टर तैयार किए, जिसमें प्रोटीन, विटामिन्स, खनिज और ऊर्जा के स्रोतों को रोचक अंदाज़ में दर्शाया गया। कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों ने संतुलित आहार योजना पर आधारित चर्चा सत्र में भाग लिया। उन्होंने चार्ट और स्लाइड्स की मदद से संतुलित आहार के महत्त्व को समझाया और बताया कि कैसे एक साधारण दिनचर्या में भी पौष्टिक भोजन को शामिल कर बेहतर स्वास्थ्य पाया जा सकता है। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक भाग कक्षा 12 के विद्यार्थियों के बीच आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता रही, जिसका विषय था क्या सप्लीमेंट्स जरूरी हैं? इसमें छात्रों ने पक्ष और विपक्ष में तर्क प्रस्तुत कर विषय के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए।

इस बहस ने विद्यार्थियों को सोचने और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने की प्रेरणा दी। स्कूल की प्रधानाचार्या धर्मजीत कौर ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों की सराहना की और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव होता है, और विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही संतुलित जीवनशैली अपनानी चाहिए। यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए जानकारीपूर्ण रहा बल्कि उन्होंने इसे आनंदपूर्वक और उत्साह से मनाया। रोज बेल पब्लिक स्कूल का यह प्रयास निश्चित ही आने वाली पीढ़ी को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।