गाजियाबाद। डासना स्थित एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी के विज्ञान और फार्मास्यूटिकल साइंसेस स्कूलों के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को विश्व विज्ञान दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष का विषय था, विज्ञान का महत्त्व – मस्तिष्क को प्रेरित करना और भविष्य को सशक्त बनाना, जिसमें विज्ञान के महत्व को समझने और इसे समाज के विकास में योगदान के लिए समर्पित किया गया। स्कूल ऑफ साइंसेज की निदेशक प्रो. (डॉ.) ज्योत्सना पंडित ने अपने स्वागत भाषण में बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें रचनात्मक तथा इनोवेटिव बनाने की दिशा में मार्गदर्शन देना है।
इस अवसर पर कुलाधिपति (चांसलर) महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि छात्रों की मेहनत और समर्पण विश्वविद्यालय की सफलता का आधार हैं और उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रसंजीत कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति समर्पित और जिज्ञासु रहने के लिए प्रोत्साहित किया। कुलसचिव, डॉ. राजीव रतन, ने विश्व विज्ञान दिवस के अवसर पर छात्रों को बधाई दी। इस आयोजन के अंतर्गत कई गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें पोस्टर और मॉडल प्रस्तुतियाँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ जैसे शास्त्रीय नृत्य, स्किट, कविता पाठ और पीपीटी प्रस्तुति शामिल थे।
इन सभी प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का अद्वितीय प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों में ज्योति चौधरी (जीव विज्ञान विभाग प्रमुख), डॉ. प्रगति सिंह, डॉ. ज्योति यादव, सुश्री तनिशा, तथा डॉ बबीता आदि की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अंत में, स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज की निदेशक प्रो. (डॉ.) शालिनी शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों, छात्रों, और उपस्थित व्यक्तियों का आभार प्रकट किया और इस आयोजन को सफल बनाने में उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ प्रोफेसर, संकाय सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे। विज्ञान दिवस का यह आयोजन सभी के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव रहा और भविष्य में विज्ञान के क्षेत्र में नए विचारों को बढ़ावा देने के लिए मार्ग प्रशस्त करेगा।



















