नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा
मृतकों में गाजियाबाद का आशीष भी शामिल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार की सुबह तेज रफ्तार इनोवा कार अचानक रोडवेज बस से टकरा गई। हादसे में 4 नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में गाजियाबाद का युवक भी शामिल है। दुर्घटना में इनोवा के परखच्चे उड़ गए। कार की हालत को देखकर पुलिस भी दंग रह गई। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक यमुना एक्सप्रेस-वे पर नोएडा में एचपी पेट्रोल पंप के नजदीक जीरो प्वाइंट से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले यह हादसा प्रकाश में आया। घटना की जानकारी मिलने पर बीटा-2 कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि आगरा की ओर से इनोवा कार नोएडा की तरफ जा रही थी। यह कार एचपी पेट्रोल पंप के पास आगे चल रही रोडवेज बस से टकरा गई। घटना की सूचना मिलने पर आस-पास के नागरिक वहां आ पहुंचे। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि इनोवा कार में 5 नागरिक सवार थे। जिन्हें क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की गति ज्यादा होने के कारण वह अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। दुर्घटना में गाजियाबाद निवासी आशीष चौहान, फरीदाबाद निवासी आलोक कुमार, महाराष्ट्र के गणेश मंदिरा अल्हासनगर ठाणे निवासी मणिगंदन मायकन देवकर और आगरा निवासी फिरोज की मौत हो गई है। जबकि फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी निवासी प्रिंस पाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल प्रिंस का अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया गया है कि इनोवा सवार सभी नागरिक किसी शादी समारोह में शिरकत कर लौट रहे थे। बता दें कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की गति पर नियंत्रण लगवाने को सरकारी स्तर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।














