-
यमुना प्राधिकरण की 83वीं बोर्ड बैठक में 51 प्रस्तावों पर मुहर लगी
-
बैठक में किसानों और आवंटियों के लिए महत्पूर्ण फैसले लिए गए
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में किसानों और आवंटियों के लिए महत्पूर्ण फैसले लिए गए। मकान निर्माण में समय सीमा का विस्तार, कंप्लीशन व लीज डीड के लिए समय बढ़ा दिया गया है। अधिग्रहण के बदले किसानों को 120 मीटर से कम प्लाट नहीं मिलेगा। प्राधिकरण एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी पर 273 करोड़ रुपये खर्च करेगा। साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन को जोड़ने के लिए सात किमी लंबा एक्सप्रेसवे बनेगा। इस पर बोर्ड ने मुहर लगा दी।
यमुना प्राधिकरण की 83वीं बोर्ड बैठक अध्यक्ष आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह, एसीईओ कपिल सिंह समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे। इसमें 51 प्रस्तावों पर मुहर लगी। यमुना प्राधिकरण ने आवंटियों को बड़ी राहत दी है। मकान निर्माण में समय सीमा विस्तार, कंप्लीशन व लीज डीड के लिए एक साल का समय बढ़ा दिया है। औद्योगिक आवंटियों से भी 60 दिन में नक्शा पस कराकर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कहा गया है। इसके लिए एक साल का समय दिया गया है। प्राधिकरण का कहना है कि अगर तय समय पर काम नहीं हुआ तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सात गांवों की पेरीफेरल बाउंड्री बनेगी
प्राधिकरण ने किसानों के लिए कई फैसले लिए। बोर्ड को बताया कि तीन गांवों की पेरीफेरल बाउंड़्री बना दी गई है। पेरीफेरल के अंदर बची जमीन को बाहरी व्यक्ति को आवंटित नहीं किया जाएगा। इस जमीन पर सीएचसी, खेल का मैदान, सामुदायिक केंद्र आदि का निर्माण होगा। इसके अलावा सात गांवों की पेरीफेरल बाउंड्री का निर्माण कार्य होगा। इस पर बोर्ड ने मुहर लगा दी। इसके अलावा किसानों का रक्त संबंधी वसीयत के आधार पर हस्तातंरण हो सकेगा। किसानों को अब अधिग्रहण के बदले 120 वर्ग मीटर से कम जमीन नहीं मिलेगी पहले 40 वर्ग मीटर का नियम था।
सेमी कंडक्टर के लिए 48 एकड़ जमीन आरक्षित
यीडा के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने बताया कि दो महिला छात्रावास के लिए जमीन दी गई है। ये जमीन सेक्टर 17 ए व 22ई में दी गई है। प्राधिकरण ने सेमी कंडक्टर के लिए 48 एकड़ जमीन सेक्टर-28 में आरक्षित कर दी है। यहां ज्वाइंट वेंचर में सेमी कंडक्टर बनेंगे। उन्होंने बताया कि मार्च के अंत में फिल्म सिटी का शिलान्यास होगा। इसके अलावा एसडीएस के प्रस्ताव पर बोर्ड ने कहा कि सीईओ बिल्डर से चर्च करेंगे। जो उपयुक्त होगा, उस पर फैसला लेंगे।
नये एक्सप्रेसवे के निर्माण पर केंद्र करेगा पैसा खर्च
नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को लेकर कई फैसले लिए गए। इसके लिए आठ किमी सड़क एनएचएआई से बनवाया जा रहा है। इसमें ईस्टर्न एंट्री (कारगो के लिए), वेस्टर्न एंटी (वीआईपी के लिए) एवं नार्थ एंटी (एक्सप्रसेव के लिए) शामिल है। इस पर 273 करोड़ रुपये यमुना प्राधिकरण खर्च करेगा। इसके लिए यमुना एक्सप्रेसवे के 101वें किमी से वृंदावन तक सात किमी एक्सप्रेसव बनेगा। भारत सरकार इसके निर्माण पर पैसा खर्च करेगी। जहां से यह काम शुरू होगा, उस इलाके का सुंदरीकरण होगा। ताकि वह देखने में आकर्षक लगेगा। बोर्ड ने इस पर मुहर लगा दी है।

















