योगी सरकार के भरोसे को मिला समरकूल का साथ, सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता को मिला नोएडा में औद्योगिक भूखंड

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समरकूल के सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता को सौंपा आवंटन पत्र
-नोएडा में नए प्लांट से बढ़ेगा उत्पादन, सैकड़ों युवाओं को मिलेगा रोजगार
-उत्तर प्रदेश आज निवेश और उद्योग का सबसे सुरक्षित केंद्र बन चुका है: संजीव कुमार गुप्ता

उदय भूमि संवाददाता
लखनऊ। मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग पर शुक्रवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समरकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड के चेयरमैन एवं सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता को नोएडा औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक भूखंड का आवंटन पत्र सौंपा। इस अवसर पर प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता एक बार फिर स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम में प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता, राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी तथा नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर. के. सिंह भी मौजूद रहे। समरकूल की ओर से सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता के साथ कंपनी के डायरेक्टर अभिषेक गुप्ता और इंडिया सेल्स हेड नरेश बत्रा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में तेजी से बढ़ते औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।

नोएडा में औद्योगिक भूखंड मिलने के बाद समरकूल के सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे बेहतर औद्योगिक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उद्योगों को पारदर्शी व्यवस्था, सरल प्रक्रियाएं और सुरक्षित माहौल मिल रहा है, जिसकी वजह से देश-विदेश के बड़े निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। संजीव कुमार गुप्ता ने कहा उत्तर प्रदेश में आज उद्योगों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। सरकार की नीतियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली ने उद्योग जगत का विश्वास मजबूत किया है। भयमुक्त वातावरण और तेज प्रशासनिक निर्णयों के कारण बड़े निवेशक यहां अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर रहे हैं।

समरकूल को भी प्रदेश सरकार से पूरा सहयोग मिला है, जिसके लिए हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के आभारी हैं।
उन्होंने बताया कि नोएडा में स्थापित होने वाला नया प्लांट समरकूल के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। इससे कंपनी की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और स्थानीय स्तर पर सैकड़ों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि समरकूल हमेशा ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और नया संयंत्र इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। समरकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड घरेलू उपकरणों के क्षेत्र में तेजी से उभरती कंपनी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। कंपनी ने गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और ग्राहकों के विश्वास के दम पर बाजार में मजबूत स्थान हासिल किया है। अब नोएडा में नए प्लांट की स्थापना से कंपनी की उत्पादन क्षमता और बाजार पहुंच दोनों में विस्तार होने की संभावना है।

औद्योगिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे निवेश और नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही है। विशेष रूप से नोएडा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। सरकार द्वारा उद्योगों को भूमि आवंटन, आधारभूत ढांचे और तेज प्रशासनिक प्रक्रियाओं में दी जा रही सुविधा निवेशकों का भरोसा मजबूत कर रही है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने भी प्रदेश सरकार की निवेश नीति की सराहना की। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश अब केवल जनसंख्या के आधार पर बड़ा राज्य नहीं, बल्कि निवेश और रोजगार के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। समरकूल के सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता की सक्रिय नेतृत्व क्षमता और औद्योगिक दृष्टिकोण को भी इस अवसर पर विशेष रूप से सराहा गया।

उद्योग जगत में उन्हें दूरदर्शी उद्यमी के रूप में देखा जाता है, जिन्होंने आधुनिक तकनीक और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। नोएडा में नए प्लांट की स्थापना के साथ अब समरकूल न केवल अपने कारोबार का विस्तार करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार, तकनीकी प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश सरकार और उद्योग जगत के इस समन्वय को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास की नई तस्वीर के रूप में देखा जा रहा है।