हिडन पार्क में जिपलाइन, रिसर्च गार्डन और लोटस पॉन्ड बनेंगे आकर्षण केंद्र, नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया

-नगर आयुक्त ने लिया हिडन बायोडायवर्सिटी पार्क का जायजा, 2026 में शहर को मिलेगा आकर्षक और समृद्ध हरित स्थल
-नगर निगम द्वारा पार्क निर्माण के हर चरण की मॉनीटरिंग और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शहरवासियों को आधुनिक और भव्य बायोडायवर्सिटी पार्क प्रदान करने की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। इस क्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बुधवार को सिटी जोन स्थित नए बस अड्डे के समीप बन रहे हिडन बायोडायवर्सिटी पार्क का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों और निर्माण टीम को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने मौके पर जाकर पार्क के विभिन्न हिस्सों जैसे महामाया स्टेडियम के पीछे का क्षेत्र, गंदगी के ढेर हटाने और पार्क को व्यवस्थित रूप देने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि सभी कार्य पूर्ण रूप से नियत ड्राइंग और मानकों के अनुसार किए जाएं। इस मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार और मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त ने कहा कि हिडन बायोडायवर्सिटी पार्क न केवल शहरवासियों के लिए मनोरंजन का केन्द्र बनेगा, बल्कि सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पार्क में पार्किंग की सुव्यवस्था, रेस्टोरेंट, वॉकवे, फाउंटेन, जिपलाइन, रिसर्च गार्डन, लोटस पॉन्ड और बटरफ्लाई गार्डन का निर्माण किया जा रहा है, जो बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। नगर आयुक्त ने विशेष रूप से कहा कि पार्क का निर्माण 6 से 9 महीनों के भीतर पूरा करना प्राथमिकता है ताकि 2026 में यह गाजियाबादवासियों के लिए खोला जा सके। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानक और स्थायित्व पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण सामग्री की सही मात्रा, कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए।

हिडन बायोडायवर्सिटी पार्क का क्षेत्रफल 63.2 एकड़ है और इसके निर्माण में 14.76 करोड़ रुपए की लागत आ रही है। यह पार्क खिलाडिय़ों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक होगा। नगर निगम अधिकारियों द्वारा लगातार कार्य की मॉनीटरिंग की जा रही है और हर विभाग से समन्वय स्थापित किया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि पार्क में सभी सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा, साफ-सफाई और पार्क में व्यवस्थित संचालन को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पार्क की सभी गतिविधियों की समय-समय पर समीक्षा की जाए और कोई भी कार्य विलम्बित न हो। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने निगम निर्माण टीम को स्पष्ट किया कि पार्क का स्वरूप आधुनिक, पर्यावरण के अनुकूल और आकर्षक होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पार्क का डिजाइन ऐसा हो कि यहाँ आने वाले सभी आगंतुकों को एक सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो और बच्चों के लिए यह शिक्षा और मनोरंजन का केन्द्र बने। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की सक्रिय निरीक्षण और सख्त अनुशासनात्मक निर्देशों के चलते हिडन बायोडायवर्सिटी पार्क परियोजना में तेजी आई है। उनका मानना है कि समयसीमा में कार्य पूरा करना और जनता को गुणवत्तापूर्ण सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। हिडन बायोडायवर्सिटी पार्क न केवल शहरवासियों के लिए एक मनोरंजन स्थल बनेगा बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता फैलाने का भी माध्यम बनेगा। नगर आयुक्त ने यह सुनिश्चित किया कि सभी निर्माण कार्य योजनाबद्ध तरीके से और उच्चतम मानकों के अनुसार पूरे किए जाएँ।