पीएम योजना का 1500 लाभार्थियों को मिला लाभ, चाबी पाकर खिले चेहरे

-दीपावली बाद मिलेगी इलेक्ट्रिक बसों की सौंगात
-कोरोना काल के बाद प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी पटरी वालों को मिला रोजगार का जरिया

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में एक ओर जहां बनारस, लखनऊ और गोरखपुर शहर के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किए जाने की सौगात दे दी। वहीं, गाजियाबाद शहर में पहले चरण में 20 इलेक्ट्रिक बसों के होने वाले संचालन के लिए लोगों को अभी इंतजार करना होगा। जल्द ही शहर के लोगों को इलेक्ट्रिक बस की सौगात मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत प्रतीकात्मक लाभार्थियों को मकानों की चाबी सौंपी। नगर निगम की ओर से लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित कार्यक्रम किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्घाटन का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत जिले के 1500 लाभार्थियों को चाबी सौंपी गई। प्रदेश सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, राज्यसभा सांसद डॉ.अनिल अग्र्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा आदि की मौजूदगी में पीएम आवास के लाभार्थी को चाबी सौंपी गई। लखनऊ में आजादी अमृत महोत्सव के तहत किए गए कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। पीएम आवास योजना के तहत निर्मित हुए भवनों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे गए। राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए योजनाओं की सौगात दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पीएम आवास का सपना पूरा किया जा रहा है।

1500 लोगों के घर का सपना हुआ साकार
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत प्रधानमंत्री ने प्रदेश के 75 हजार लाभार्थियों को प्रतीकात्मक डिजिटल माध्यम से चाबी का वितरण किया। इस योजना के तहत जिले के 1500 लाभार्थियों को लाभ प्राप्त हुआ। परियोजना निदेशक एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह ने अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में 22 हजार भवनों का निर्माण होना है। जीडीए और बिल्डरों द्वारा बनाए गए 1500 भवनों का निर्माण होने के बाद लाभार्थियों को चाबी और प्रमाण वितरित किए गए। कनावनी के कर्मवीर, गीता, ऊषा, इंदु साहा, सुख माया देवी, सुनील चौहान करहेड़ा, मीना देवी, बकसूदीन, महेश, कमलेश को प्रमाण पत्र और भवनों की चाबी सौंपी गर्ई। प्रधानमंत्री का वर्चुअल संवाद के माध्यम से संबोधन सुना गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंगलवार को 1500 लोगों के घर का सपना साकार हो गया। उन्हें उनके मकान की चाबी और प्रमाण पत्र दिए गए। इस योजना में कुल 22 हजार घर तैयार हुए हैं। पात्र लोगों ने मकान की चाबी मिलने पर प्रधानमंत्री के लिए धन्यवाद बोला। नगर आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी पटरी वालों को लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने लखनऊ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल भाषण सुना। लोगों ने मकान के लिए अनुदान मिलने पर प्रधानमंत्री की तारीफ की और धन्यवाद बोला।

गुंडागर्दी खत्म, राशन और बिजली से लोगों को मिली निजात
राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि प्रदेश में पहले गुंडागर्दी थी। राशन और बिजली नहीं मिलने से जनता परेशान थी। गरीबों को घर नहीं दिए जा रहे थे। भाजपा सरकार ने लोगों को घर दिए। राशन और बिजली मिल रही। गुंडागर्दी खत्म हो गई है।राज्य सभा सांसद अनिल अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों के लिए विभिन्न योजना लाई है। इससे गरीबों की स्थिति में सुधार हुआ है।

कचरा निस्तारण और अमृत योजना पर नगर निगम युद्ध स्तर पर करेगा काम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कचरा निस्तारण और अमृत योजना का जिक्र किया।
नगर आयुक्त ने बताया कि कचरा निस्तारण की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही इसका प्रारूप तैयार भी कर लिया जाएगा। अमृत योजना के तहत सभी जगह पानी पहुंचाया जाएगा। इस योजना पर युद्ध स्तर पर काम शुरू कर दिया है।

चाबी पाकर खिल उठे लोगों के चेहरे
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की चाबी मिलने पर महिलाओं के चेहरे खिल उठे। कनावनी निवासी कर्मवीर ने बताया कि मकान की चाबी मिलने पर खुशी हो रही है। अभी तक किराये के मकान में रह रहे थे। अब अपना मकान हो गया है। यह सब मोदी की योजना से संभव हो पाया है। पूर्व के सरकार में सिर्फ योजनाएं कागजों में चलती थी। मगर केन्द्र और प्रदेश में भाजपा में सरकार आने के बाद इसका प्रारूप बदल गया है। सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने का जनपद के अधिकारी बखूबी काम कर रहें है। जिसका प्रमाण यहीं है कि किराए के छत को दूर कर अपनी छत के नीचे जिंदगी गुरबसर करने का मौका मिलेगा।

20 इलेक्ट्रिक बसों के तैयार चार्जिंग स्टेशन-डिपो
शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होने को लेकर शहरवासियों को लंबे समय से इंतजार है। लेकिन अब उम्मीद है कि दीपावली बाद ही शहरवासियों को इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिल पाएगी। 20 इलेक्ट्रिक बसों का पहले चरण में संचालन होना है। इनके लिए नगर निगम की जमीन पर अकबरपुर-बहरामपुर में चार्जिंग स्टेशन और डिपो का निर्माण पूरा हो चुका हैं।
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में फिलहाल तीन शहरों के लिए इलेक्ट्रिक बसों का उद्घाटन किया गया है। दूसरे फेज में शहर को 20 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिल पाएगी। चार्जिंग स्टेशन और डिपो का निर्माण होने के बाद पूर्ण रूप से तैयार है। बसों के उपलब्ध होने के बाद इनका विधिवत रूप से निर्धारित रूटों पर संचालन शुरू हो सकेगा। लखनऊ में कार्यक्रम के दौरान गाजियाबाद शहर के लिए 20 इलेक्ट्रिक बसों का आंवटन किया गया। शहर में अगले माह चार रूट पर 20 बसें चलेंगी। नगर आयुक्त ने बताया कि सरकार ने 20 बसें आवंटित की हैं। 30 इलेक्ट्रिक बसें कुछ दिनों बाद मिलेंगी। 50 बसों के लिए पहले छह रूट तैयार किए गए थे। लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ाकर 10 कर दी है। चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम जल्दी शुरू होगा। चार्जिंग स्टेशन नहीं बनने तक बसों को दूसरी जगह चार्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो 20 बसें मिली हैं उनका सबसे पहले ट्रायल होगा। अगले माह से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।