एक्सप्रेस-वे पर भिड़े 25 वाहन, सिपाही की मौत

दर्जनभर से ज्यादा घायल, कोहरे के कारण हादसा

गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार की सुबह घना कोहरा होने के कारण 25 वाहन आपस में भिड़ गए। इस हादसे में दिल्ली पुलिस के सिपाही की मौत हो गई। आस-पास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा और मुरादनगर थाना प्रभारी अमित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से वाहनों में सवार लोगों को बचाया। इस घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां एक के बाद एक 25 वाहन आपस में भिड़ गए और कई वाहनों के परखच्चे तक उड़ गए। पुलिस ने घायलों को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर वाहनों के टकराने से दिल्ली पुलिस में तैनात सिपाही धर्मवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। धर्मवीर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सिपाही के परिवार को इसकी सूचना दे दी गई। जबकि हादसे में घायल लोगों को आसपास के अस्पताल और एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार चल रहा हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि शनिवार की सुबह अधिक कोहरा होने की वजह से गांव रेवड़ा-रेवड़ी के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर सुबह करीब 7 बजे एक-एक करके 25 वाहनों में भिड़ंत हो गई। इसमें कई कार, बस, ट्रक, छोटा हाथी आदि वाहन हैं।